भोरंज 15 अक्तूबर। कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगवाड़ा की एनएसएस इकाई के शिविर का समापन किया।
इस अवसर पर राम चंद्र पठानिया ने कहा कि एनएसएस की गतिविधियां विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण, टीम भावना और कई अन्य सदगुण विकसित करती हैं तथा उन्हें नशे एवं कई अन्य बुराइयों से बचाती हैं। सभी विद्यार्थियों को इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़े सुधार किए हैं और इन्हीं सुधारों के कारण ही आज हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में टॉप के राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान शुरू किया है। सभी लोगों, विशेषकर युवाओं को इस अभियान में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
राम चंद्र पठानिया ने कहा कि ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना, सीबीएसई स्कूलों की स्थापना और डॉ. वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना जैसी योजनाएं आरंभ करके आम परिवारों के बच्चों के लिए भी बेहतरीन शैक्षणिक सुविधाओं का प्रावधान किया है।
इस अवसर पर राम चंद्र पठानिया ने शिविर के प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किए। लड़कियों में साक्षी और लड़कों में अतुल को बेस्ट वॉलंटियर का पुरस्कार प्रदान किया गया। सांस्कृतिक गतिविधियों में पलक और सूरज अव्वल रहे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राजकुमार डोगरा, एनएसएस प्रभारी जीवन शर्मा और मीना देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा शिविर के दौरान आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।