डीसी कार्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, उपायुक्त हेमराज बैरवा ने किया शुभारंभ
आॅस्टियोपोरोसिस एवं मस्कुलोस्केलेटल विकारों की रोकथाम और प्रबंधन के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 205 लोगों ने उठाया लाभ

धर्मशाला , 15 अक्तूबर: आयुष विभाग की ओर से आॅस्टियोपोरोसिस एवं मस्कुलोस्केलेटल विकारों की रोकथाम और प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत डीसी कार्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को हड्डियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा विभिन्न बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम को बढ़ावा देना रहा।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना बेहद जरूरी है। हड्डियों से संबंधित बीमारियों की समय रहते पहचान होने से उनके प्रभाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने कर्मचारियों और आम लोगों से नियमित योग, संतुलित आहार तथा शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के दौरान कुल 205 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इसमें हड्डियों की मजबूती और स्वास्थ्य का आकलन करने के लिए बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। शिविर में 65 लोगों की बोन मिनरल डेंसिटी जांच की गई। इनमें से 60 लोगों में आॅस्टियोपीनिया के संकेत पाए गए। संबंधित लोगों को हड्डियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित योग करने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक बोन सप्लीमेंट लेने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त शिविर में लिवर फंक्शन टेस्ट, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन (एचबी), थायराइड स्टिम्युलेटिंग हार्मोन (टीएसएच) तथा कोलेस्ट्रॉल की जांच भी की गई।
कार्यक्रम के तहत डीसी कार्यालय के कर्मचारियों के लिए योग ब्रेक की सुविधा भी प्रदान की गई। इसका उद्देश्य लंबे समय तक कार्यालय में बैठकर काम करने के कारण होने वाले तनाव और मांसपेशियों की थकान को कम करना तथा कर्मचारियों को कार्य के बीच नियमित रूप से योग एवं स्ट्रेचिंग करने के लिए प्रोत्साहित करना था।
शिविर में जिला आयुष अधिकारी डाॅ. बृज नंदन शर्मा, एसडीएएमओ राजलक्ष्मी पठानिया, एएमओ डाॅ. शिखा शर्मा, डाॅ. आंचल लाहल, डॅा. अपराजिता ठाकुर, डाॅ. कुंदन खरयाल, डाॅ. नरेन्द्र ठाकुर, योगा प्रशिक्षक अशोक कुमार और कांता देवी सहित एपीओ हिमानी, बिंदू सहित आयुष विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

=====================================

कांगड़ा ऊना के शक्तिपीठों में डीआईजी सौम्या ने किया दौरा

ज्वालादेवी मंदिर के पुजारी कपिलमुनि ने करवाई पूजा अर्चना

न्यूज़ : हिमाचल के कांगड़ा ऊना जिला के शक्तिपीठों का शारदीय नवरात्रों में किया दौरा

चिंतपूर्णी, ज्वाला देवी, बगलामुखी, ब्रजेश्वरी देवी चामुंडा मंदिरों में डीआईजी सौम्या सांबसिवन ने शक्तिपीठों में जहां देवी के दर्शन किए वहीं पुलिस द्वारा किए गए इंतजामों को भी जाँचा।

ज्वाला देवी मंदिर पहुंचने पर मंदिर के कुल पुरोहित कपिल मुनि ने उनसे भी दिवस पूजा अर्चना कराई और मां ज्वाला का आशीर्वाद पंचमी नवरात्र में दिया।

आगामी सप्तमी अष्टमी नवरात्र में पुलिस के बेहतर प्रबंधन में कोई भी कमी ना रहे इसलिए इस दौरे को प्रमुखता से देखा जा रहा है

इस मौके पर मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल, डीएसपी संजय शर्मा, सो संदीप पटियाल भी मौजूद रहे।

============================================