नशा मुक्त भारत अभियान के तहत हरोली में निकाली जागरूकता रैली

ऊना, 8 अक्तूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता रैली एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि इस जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, विद्यालय और समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
उन्होंने बताया कि रैली आयोजित करने का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेन्द्र शर्मा, प्रधानाचार्य हरोली रविन्द्र कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

-----------------------------------------------------

*विश्व डाक दिवस और राष्ट्रीय डाक सप्ताह के उपलक्ष्य पर ऊना डाक मंडल में आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम - बलवीर चंद *

ऊना, 8 अक्तूबर। विश्व डाक दिवस एवं राष्ट्रीय डाक सप्ताह के उपलक्ष्य पर भारतीय डाक विभाग द्वारा देशभर में विभिन्न जागरूकता व जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अधीक्षक डाकघर, ऊना मंडल बलबीर चंद ने बताया कि 9 अक्तूबर को विश्व डाक दिवस और 9 से 15 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य डाक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और समाज के हर वर्ग तक विभाग की आधुनिक व बहुआयामी सेवाओं को पहुंचाना है।

बलबीर चंद ने बताया कि बदलते समय के साथ भारतीय डाक विभाग ने अपनी पारम्परिक सेवाओं के अलावा स्पीड पोस्ट, पार्सल, ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, अंतरराष्ट्रीय डाक, डाक जीवन बीमा, बचत बैंक, आधार व पासपोर्ट सेवाएं तथा डिजिटल भुगतान जैसी कई आधुनिक सुविधाएं शुरू की हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान ऊना मंडल के विभिन्न डाकघरों व क्षेत्रीय स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों व विभिन्न संगठनों को डाक विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
सप्ताह के दौरान फिलाटेली के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों में ‘ढाई अक्षर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों व ग्राम पंचायतों में आम जनता की सुविधा के लिए विशेष आधार शिविर भी लगाए जाएंगे।

बलबीर चंद ने कहा कि डाक विभाग अब डिजिटल तकनीक अपनाकर सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी व ग्राहक-केंद्रित बना रहा है। आज डाकघर केवल पत्र व पार्सल भेजने तक सीमित न रहकर वित्तीय, बीमा, लॉजिस्टिक्स व नागरिक-केंद्रित सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुके हैं।
उन्होंने ऊना मंडल की आम जनता से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डाकघर में जाकर विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लें और इनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि "डाक सेवा, जन सेवा" की भावना के साथ भारतीय डाक विभाग निरंतर देशवासियों की सेवा के लिए तत्पर है।

========================================

मोतियाबिंद जांच के लिए 9 से 17 अक्तूबर तक लगेंगे विशेष शिविर

जिले के 11 स्वास्थ्य संस्थानों में लगाए जाएंगे शिविर, पात्र मरीजों का जिला अस्पताल ऊना में होगा निःशुल्क ऑपरेशन - आवास पंडित


ऊना, 8 अक्तूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना के संयुक्त तत्वावधान में जिले के 11 स्वास्थ्य संस्थानों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट सर्जरी) की जांच के लिए 9 से 17 अक्तूबर तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य मोतियाबिंद से प्रभावित लोगों को समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाना है।

जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि 9 अक्टूबर को सीएचसी दौलतपुर चौक, 13 अक्तूबर को सीएच हरोली और सीएच बंगाणा, 14 अक्तूबर को सीएचसी धुसाडा और सीएचसी थानाकलाँ, 15 अक्तूबर को सीएचसी कुंगडत और सीएच चिंतपूर्णी, 16 अक्तूबर को ज़िला अस्पताल ऊना और सीएच अम्ब तथा 17 अक्तूबर को सीएच गगरेट एवं सीएचसी बसदेहडा में जाँच शिविर आयोजित होंगे।

आवास पंडित ने बताया कि इन जाँच शिविरों के दौरान चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी। जांच के उपरांत मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए पात्र पाए जाने वाले मरीजों की सूची तैयार की जाएगी तथा जिला अस्पताल ऊना में उनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाया जाएगा। मरीजों को आने-जाने के लिए किराए की सुविधा भी सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ में शिविरों में जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी।

=====================================

बाल विकास परियोजना घुमारवीं में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों के लिए 31 अक्तूबर तक आवेदन आमंत्रित
घुमारवीं (बिलासपुर) 08 अक्तूबर: बाल विकास परियोजना घुमारवीं के अंतर्गत आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए दस्तावेजों के सत्यापन, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया 4 नवंबर, 2026 को निर्धारित की गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी घुमारवीं रंजना शर्मा ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र धारवाड़ा तथा पट्टा रणौता में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। इन पदों के लिए पात्र महिला उम्मीदवार सादे कागज पर अपना आवेदन अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में 31 अक्तूबर, 2026 को सायं 5 बजे तक जमा कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को 4 नवंबर को प्रातः 11 बजे उप-मंडलाधिकारी (ना०), घुमारवीं, जिला बिलासपुर के कार्यालय में मूल प्रमाण-पत्रों तथा उनकी सत्यापित छायाप्रतियों सहित व्यक्तिगत रूप से चयन समिति के समक्ष उपस्थित होना होगा। इस संबंध में अलग से कोई बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
आंगनवाड़ी सहायिका के पदों के लिए केवल महिला उम्मीदवार पात्र होंगी, जिनकी आयु सार्वजनिक सूचना जारी होने की तिथि अर्थात 5 अक्तूबर, 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के संग्रहण क्षेत्र (फीडिंग एरिया) की सामान्य निवासी होनी चाहिए तथा जिस आंगनवाड़ी केंद्र के लिए आवेदन किया जा रहा है, उसका नाम संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के परिवार सर्वे रजिस्टर में दर्ज होना आवश्यक है। उम्मीदवार का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं (10$2) उत्तीर्ण होना चाहिए तथा उसके परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्यदिवस में बाल विकास परियोजना अधिकारी, घुमारवीं के कार्यालय से व्यक्तिगत रूप से अथवा दूरभाष संख्या 01978-255346 पर संपर्क किया जा सकता है।

======================================

33 केवी विद्युत उपकेंद्र जबली में आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के चलते 10 अक्तूबर को विद्युत आपूर्ति रहेगी प्रभावित
बिलासपुर, 08 अक्तूबर: सहायक अभियन्ता विद्युत उपमंडल तीन ई. जिज्ञासा नरयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 33 केवी विद्युत उपकेंद्र जबली में 33 केवी यार्ड तथा 11 केवी यार्ड लाइनों के जरूरी रखरखाव एवं मरम्मत कार्य किया जाना है। इस कारण 10 अक्तूबर को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक बिलासपुर शहर, नम्होल, एम्स, जुखाला तथा जबली सब स्टेशन के अंतर्गत पड़ने वाले सभी क्षेत्रों छडोल, कोठीपुरा तथा ऋषिकेश इत्यादि में विद्युत आपूर्ति पुरी तरह बंद रहेगी।
उन्होंने इस दौरान विद्युत उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है तथा यह शटडाउन मौसम पर निर्भर करेगा।

===========================================

पोषण माह के समापन पर मनोह में आयोजित किया जागरुकता कार्यक्रम

भोरंज 08 अक्तूबर। बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत वृत्त जमली के आंगनवाड़ी केंद्र मनोह में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के समापन अवसर पर पोषण माह समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सुनील कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार, खंड पोषण समन्वयक अक्षय महाजन और वृत्त जमली की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर सीडीपीओ सुनील कुमार ने कहा कि इस वर्ष का पोषण माह ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पोषण एवं स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने बताया कि रागी पोषक तत्वों से भरपूर मोटा अनाज है, जो बच्चों के संतुलित पोषण में सहायक है। रागी से तैयार पौष्टिक व्यंजन बच्चों के आहार में विविधता लाने के साथ उनके पोषण स्तर को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों की नियमित वृद्धि निगरानी करने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पोषण एवं स्वास्थ्य जागरुकता गतिविधियों के माध्यम से लाभार्थियों को संतुलित आहार, स्तनपान, पूरक आहार, स्वच्छता तथा बच्चों की वृद्धि एवं विकास के संबंध में जानकारी दी गई। वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया तथा पोषण माह को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीण लाभार्थियों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम का समापन ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी, स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ परिवार’ के संदेश के साथ किया गया।

=================================================

पीएमआईएस टेªनी-अप्रेंटिस के 100 पदों के लिए साक्षात्कार 12 अक्तूबर से शुरू

धर्मशाला, 08 अक्तूबर: ब्लू स्टार लिमिटेड, काला अम्ब, जिला सिरमौर ने पुरूष व महिला पीएमआईएस टेªनी, अप्रेंटिस के 100 पद भरने जा रहा हैं। जिसके लिए साक्षात्कार 12 अक्तूबर को उप रोज़गार कार्यालय, काँगड़ा, 13 अक्तूबर को उप रोजगार कार्यालय, नगरोटा बगवां और 14 अक्तूबर को उप रोजगार कार्यालय, देहरा में प्रातः 10ः30 बजे से आरम्भ होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी, कांगड़ा अक्षय कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए आयुसीमा 18 से 25 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता आईटीआई फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिकल, आरएसी, मशीनिस्ट, प्लम्बर, पंप ऑप्रेटर, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, एमएमवी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 16000 से 20800 रूपये प्रति माह वेतन व अन्य सुविधाएं कंपनी के नियमानुसार दी जाएँगी।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र व बायोडाटा की कॉपी और अनुभव प्रमाण-पत्र साथ लेकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। इसके अलावा, आवेदक साक्षात्कार में भाग लेने से पहले https://eemis-hp-nic-in पर अपनी ई-मेल आईडी या मोबाइल नम्बर से लॉगइन करके भी आवेदन कर सकते हैं। विभागीय साईट पर साक्षात्कार का ब्योरा अपलोड कर दिया गया है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नं-01892-224892 पर संपर्क किया जा सकता हैं।
=================================================
पक्का भरो, मटाहणी, हीरानगर और आस-पास के क्षेत्रों में 10 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 08 अक्तूबर। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता सौरभ राय और उपमंडल-1 के सहायक अभियंता कर्ण सिंह ने बताया कि 10 अक्तूबर को लाइनों की आवश्यक मरम्मत तथा अन्य आवश्यक कार्यों के चलते पक्का भरो, गोपालनगर, श्याम नगर, गुरुकुल स्कूल, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, घरियाणा मसंदा, हीरानगर, गंदा नौण, कृष्णानगर, केंद्रीय विद्यालय, न्यायिक अधिकारी आवास, नडियाणा, मटाहणी, विद्युत उपकेंद्र खग्गल से जुड़े 11 केवी रोपा, दड़ूही, ब्रांडा एवं नेरी फीडरों की विद्युत आपूर्ति सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बाधित रहेगी। 11केवी अणु-रंगस फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में भी विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
सहायक अभियंता ने बताया कि 10 अक्तूबर को मौसम खराब होने या अन्य अपरिहार्य कारणों से लाइनों की मरम्मत का कार्य नहीं हो पाएगा तो यह कार्य अगले सप्ताह किया जाएगा।