डीसी गंधर्वा राठौड़ ने 87 टीबी मुक्त पंचायतों को किया पुरस्कृत
10 पंचायतों को स्वर्ण, 9 को रजत और 68 पंचायतों को कांस्य पुरस्कार
टीबी मुक्त अभियान में योगदान देंगी युवाओं की ‘जोश’ टीमें
हमीरपुर 08 अक्तूबर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला हमीरपुर में भी 87 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। इन 87 ग्राम पंचायतों में से दस ग्राम पंचायतों में पिछले तीन वर्षों से टीबी का कोई भी मामला सामने नहीं आने पर इन्हें स्वर्ण पदक पुरस्कार के लिए चुना गया है। पिछले दो वर्षों से टीबी का कोई भी नया मामला न मिलने पर 9 पंचायतों को रजत पदक पुरस्कार और एक वर्ष से टीबी का कोई भी नया केस न मिलने पर 68 पंचायतों को कांस्य पदक पुरस्कार के लिए चुना गया है।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां बचत भवन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन 87 ग्राम पंचायतों को ये पुरस्कार प्रदान किए। इस कार्यक्रम में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ही जोश (ज्वाइंट स्क्वायड फॉर हेल्थ) टीमों का शुभारंभ भी किया गया। एनसीसी कैडेटों और अन्य युवा वॉलंटियरों की ये टीमें जिला में टीबी मुक्त अभियान में सक्रिय योगदान देंगी।
इस अवसर पर सभी टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उपायुक्त ने कहा कि वे अपनी-अपनी पंचायतों को भविष्य में भी टीबी मुक्त बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हुए सभी लोगों को जागरुक करें। उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘जोश’ टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में एनसीसी कैडेटों और अन्य युवा वॉलंटियरों को शामिल किया गया है।
इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री, सभी बीएमओ और विभाग के अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।
----
जिला हमीरपुर की स्वर्ण पदक पुरस्कार विजेता ग्राम पंचायतें: ग्राम पंचायत बणी, कियाराबाग, भगेटू, कक्कड़ (भोरंज ब्लॉक), चंगर, जंगल (सुजानपुर ब्लॉक), चारियां दी धार, लग-कढियार, पुरली और स्वाहल।
रजत पदक पुरस्कार विजेता ग्राम पंचायतें: घंगोट कलां, झंजियानी, बधानी, महल, पंजोत, रोहवीं, गाहली, नारा और स्पाहल
कांस्य पदक पुरस्कार विजेता ग्राम पंचायतें: बल्ह बिहाल, बड़ाग्राम, दलचेड़ा, दांदड़ू, ग्यारहग्रां, जुनेहन, ज्योली देवी, जोडे़ अंब, कलवाल, कनोह, कड़साई, महारल, पटेरा, समैला, समताणा कलां, सठवीं, दाड़ी, ढनवान, करहा, पपलाह, पट्टा, फरनोल, गोईस, कश्मीर, मंझेली, नाल्टी, पनियाली, सनाही, सरेड़ी, ऊट्टप, हड़ेटा, मक्कड़, घलूं, मालग, करेर, लहड़ा, कोटला चिलियां, कंडरोला प्लासी, गौना, हथोल, जोल सप्पड़, भदरोल, बैहरड़, कमलाह, मझियार, रैल, भेरड़ा, बनाल, पनोह, मनिहाल, बफड़ीं, बजूरी, बल्ह, बलोह, बारीं, बरोहा, बोहनी, देई का नौण, धलोट, गसोता, ख्याह लोहारियां, नेरी, पंधेड़, सराकड़, सिकांदर, टिब्बी, उहल और उटपुर
===========================================
हमीरपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और क्रैच सहायिका के लिए आवेदन 27 तक
हमीरपुर 08 अक्तूबर। बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका तथा क्रैच सहायिका के खाली पदों के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 27 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय हमीरपुर में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मुहान और आंगनवाड़ी केंद्र वार्ड नंबर-7ए में कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाना है। जबकि, नगर निगम क्षेत्र के ही आंगनवाड़ी केंद्र वार्ड नंबर-11सी और वार्ड नंबर-7ए, ग्राम पंचायत नाल्टी के आंगनवाड़ी केंद्र डकोहल और ग्राम पंचायत जंगल रोपा के आंगनवाड़ी केंद्र हार-2 में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा। इनके अलावा नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी कंेद्र वार्ड नंबर-8बी के क्रैच में क्रैच सहायिका का भी एक पद भरा जाना है।
सीडीपीओ ने बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की आयु 7 अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के संग्रहण क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए। नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए स्थानीय वार्ड के अलावा साथ लगते वार्ड को भी और ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए पूरी पंचायत को संग्रहण क्षेत्र माना जाएगा। क्रैच सहायिका के लिए पूरे नगर निगम क्षेत्र की पात्र महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास तथा क्रैच सहायिका के लिए मैट्रिक रखी गई है।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 31 अक्तूबर को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय हमीरपुर में या मोबाइल नंबर 94183-65370 पर संपर्क किया जा सकता है।
==================================================
जेई सिविल की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
हमीरपुर 08 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 149 पदों को पोस्ट कोड-26016 के अंतर्गत ट्रेनी आधार पर भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए 8192 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6726 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण 372 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है, जोकि 15 अक्तूबर से आरंभ होगी। इसका शेड्यूल अलग से तय किया जाएगा। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डाउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
==============================================
मेडिकल सोशल वर्कर की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
हमीरपुर 08 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में मेडिकल सोशल वर्कर के 2 पदों को पोस्ट कोड-26006 के अंतर्गत भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए 162 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 98 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण 9 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है, जोकि 15 अक्तूबर को होगी। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डाउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
============================================
शारीरिक शिक्षा अध्यापक और संस्कृत शिक्षक की भर्ती परीक्षा 27 को
हमीरपुर 08 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने शारीरिक शिक्षा अध्यापकों और संस्कृत शिक्षकों की भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथि घोषित कर दी हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि शारीरिक शिक्षा अध्यापक (प्रारंभिक) पोस्ट कोड-26024, संस्कृत शिक्षक पोस्ट कोड-26023 और शिक्षक (शारीरिक शिक्षा) पोस्ट कोड-26035 की सीबीटी परीक्षा 27 अक्तूबर को होगी।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर या अपने मोबाइल पर एसएमएस और ईमेल पर ताजा स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आयोग के कार्यालय में या दूरभाष नंबर 01972-222204 पर भी संपर्क किया जा सकता है।