घुमारवीं (बिलासपुर) 01 अक्तूबर : प्राकृतिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को समर्पित दो दिवसीय जिला स्तरीय सीर उत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री एवं स्थानीय विधायक राजेश धर्माणी उत्सव का शुभारंभ करेंगे। उत्सव के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो इसकी प्रमुख विशेषता रहेंगे।
सीर उत्सव के अवसर पर सर्वप्रथम 2 अक्टूबर को सुबह 6:00 बजे घुमारवीं पुल के पास मैराथन का आयोजन किया जा रहा है मैराथन का उद्देश्य युवाओं और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है। उसके उपरांत ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के रूप में प्रतिष्ठित पवित्र रुक्मणी कुंड में पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके उपरांत धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप पवित्र जल को घुमारवीं क्षेत्र की प्रसिद्ध सीर खड्ड में प्रवाहित किया जाएगा। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
सीर उत्सव को बहुआयामी स्वरूप प्रदान करते हुए मेला अवधि के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं एवं युवाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करने के साथ-साथ महिलाओं एवं युवाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है।
उत्सव के दौरान युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पहली बार रोजगार मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। रोजगार मेले में लगभग 15 से 20 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं की शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के आधार पर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मेला अवधि के दौरान लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से निशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के लिए रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लोग स्वेच्छा से रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।
तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं स्थानीय विधायक राजेश धर्माणी ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया है कि वे सीर उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध प्राकृतिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं, युवाओं और महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।