घुमारवीं (बिलासपुर) 21 सितंबर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास,तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने रविवार रात्रि बाडू देव मेला कमेटी, भेल कुठेड़ा द्वारा आयोजित दो दिवसीय मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने बाड़ू में खेल मैदान के लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध करवाने तथा मेला आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की भी घोषणा की। इस मौके पर विधायक बिलासपुर सदर त्रिलोक जम्वाल भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले हमारी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक समरसता के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेलों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा इनमें नई गतिविधियों को जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिल सके।
उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। कृषि एवं बागवानी, पशुपालन, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में ग्रामीण प्रतिभाएं बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं को ऐसे आयोजनों से जुड़ने का अवसर मिलता है। घर-परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली महिलाओं के लिए घर के नजदीक होने वाले ऐसे कार्यक्रम मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम भी बनते हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाए तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाएं। उन्होंने बताया कि 2 और 3 अक्टूबर को घुमारवीं में सीर उत्सव उत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसका उद्देश्य भी विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाशाली बच्चों, महिलाओं और अन्य प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को सीर उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
राजेश धर्माणी ने कहा कि बाड़ू मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, आयोजकों और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में इस मेले का आयोजन और व्यापक स्तर पर किया जाए तथा इसमें नई गतिविधियों को शामिल कर इसे और आकर्षक बनाने पर बल दिया।