हमीरपुर 19 सितंबर। सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव अमनेड का दौरा करके स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी दी। गांववासियों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया तथा अपनी समस्याएं एवं मांगें उनके समक्ष रखीं।
इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि गांव के क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाएगी। गांव के लिए सोलर लाइटों की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव में सभी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि लोगों को भविष्य मंे किसी भी तरह समस्या का सामना न करना पड़े।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि अमनेड की डिस्पेंसरी का दर्जा बढ़ाने का मामला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में कई बड़ी विकासात्मक परियोजनाएं मंजूर की गई हैं, जिससे यह जिला विकास के कई बड़े आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम के बाद सुनील शर्मा बिट्टू ने स्थानीय निवासी मदन लाल के घर में गो दान पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधान राकेश कुमार, उप प्रधान अजय, वार्ड पंच सुमित, रणवीर, एसएल ठाकुर, साक्षी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।