हमीरपुर 19 सितंबर। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से आग्रह किया है कि वे इस पॉलीक्लीनिक के माध्यम से विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कुछ आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित की गई हैं। सभी भूतपूर्व सैनिक और उनके परिजन इन प्रक्रियाओं के तहत ही चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं। कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने बताया कि इस पॉलीक्लीनिक में प्राथमिक स्तर पर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए पांच डॉक्टर, दो डेंटल सर्जन और अन्य स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसकी लैब में भी कई टैस्टों की सुविधा प्रदान की जा रही है। फीजियोथैरेपी सेंटर में भी नवीनत्तम तकनीक की मशीनरी एवं अन्य व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया है।
अगर किसी मरीज को बड़े अस्पताल में उपचार की आवश्यकता हो तो उसे पॉलीक्लीनिक से ही रैफर किया जाता है। रैफर होने के बाद मरीज अपनी इच्छा के अनुसार किसी भी इंपैनल्ड अस्पताल में इलाज करवा सकता है। रैफर की अवधि 3 महीने तक वैध रहेगी। जबकि, कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह और हाइपरटेंशन के गंभीर रोगियों के लिए रैफर की वैधता की अवधि 6 महीने रखी गई है।
70 साल से अधिक आयु के मरीज पॉलीक्लीनिक से रैफर करने के बगैर भी सीधे इंपैनल्ड अस्पताल में अपना उपचार करवा सकते हैं। एमरजेंसी केस में भी रैफर करवाने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन पॉलीक्लीनिक में इसकी सूचना 48 घंटे के भीतर पहुंच जानी चाहिए।