भूतपूर्व और सेवारत सैनिकों के बच्चों की उच्च शिक्षा और कोचिंग के लिए स्कॉलरशिप
हमीरपुर 18 सितंबर। सैनिक कल्याण विभाग की ओएसडी दीप्ति मंढोत्रा ने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के बच्चों को स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स करवाने तथा यूपीएससी द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतिष्ठित परीक्षाओं की कोचिंग हेतु चंडीगढ़ की विद्या ज्योति ऐजूवर्सिटी ने भारतीय थल सेना के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किया है।
दीप्ति मंढोत्रा ने बताया कि इस एमओयू के अनुसार विद्या ज्योति ऐजूवर्सिटी भूतपूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के बच्चों को विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर कोर्सों तथा कोचिंग पर 30 से 60 प्रतिशत तक छूट या स्कॉलरशिप प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पात्र एवं इच्छुक युवा इसका ऑफर का लाभ उठा सकते हैं।
========================================
उसयाना में सरकारी भूमि के प्रस्तावित लीज आवंटन पर आपत्तियां आमंत्रित
हमीरपुर 18 सितंबर। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती राजस्व मुहाल उसयाना में खसरा नंबर 283, 284 और 286 में सरकारी जमीन को एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के जिला स्तरीय कार्यालय हेतु लीज पर आवंटित करने का प्रस्ताव है। इस संबंध में एसडीएम हमीरपुर द्वारा 17 सितंबर 2026 को प्रकाशित सूचना के अनुसार उक्त लीज के प्रस्ताव पर स्थानीय निवासियों से 30 दिन के भीतर आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
हमीरपुर के एसडीएम संजीत सिंह ने बताया कि अगर इस प्रस्ताव के संबंध में किसी स्थानीय व्यक्ति को कोई आपत्ति है तो वह सूचना के प्रकाशन के 30 दिन के भीतर एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। उन्होंने बताया कि 30 दिन के बाद कोई भी आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।