शाहपुर, 17 अगस्त :शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को रैत में चरण एक से आठ तक चिन्हित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम के तहत लोगों से संवाद किया।
कार्यक्रम में डढम्ब, डोहब, झरेड़, मंझग्रां, नेरटी, प्रेई, रैत, रक्कड़ का बाग, सदूं, ततवानी, मुंदला और सिहवां पंचायतों के चिह्नित बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि यह चौथा चरण है और इसके तहत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की 43 पंचायतों के चिह्नित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद किया जा चुका है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वर्षों बाद बीपीएल सर्वे करवाया गया है, ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों, अथवा पात्र व्यक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण मामले को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि ऐसे कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी वाले फ्लेक्स प्रदर्शित किए जाएं, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे उनका लाभ उठा सकें।
इससे पूर्व विधायक ने रैत स्थित कांग्रेस कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए साधन-संपन्न लोगों से अपील की कि यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम गलती से बीपीएल सूची में शामिल हुआ है तो वह स्वेच्छा से अपना नाम हटवाएं, ताकि वास्तव में जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं रैत के उपप्रधान सुरेश पटाकू ने मुख्यातिथि, गणमान्य लोगों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ठाकुर ने विधायक की सामाजिक कार्यों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की। कांग्रेस महासचिव प्रदीप बलौरिया ने कहा कि शाहपुर के विधायक हमेशा जनसेवा हेतु तत्पर रहते हैं ।
इस अवसर पर प्रधान डढम्ब इंद्रजीत, प्रधान झरेड़ अंजना देवी, प्रधान सदूं आरती, प्रधान रक्कड़ का बाग शिवानी,उपप्रधान संजीव,पूर्व प्रधान अजय बबली, प्रधानाचार्य रैत स्कूल शमसेर भारती, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल,सीडीपीओ रैत निर्मला देवी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, नगर पंचायत शाहपुर की पार्षद प्रीति,संजय शर्मा, पूर्व उप प्रधान पप्पू , विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य नागरिकों सहित चिन्हित बीपीएल परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।