बिलासपुर, 13 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के 14 अगस्त को घुमारवीं प्रवास को लेकर नगर व ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आज प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात, बैठने, पेयजल, बिजली और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रवास कार्यक्रम को लेकर किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री 14 अगस्त को घुमारवीं के निहारी में 77 वां राज्य स्तरीय वन महोत्सव समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे। इस दौरान वह पौधरोपण कर राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वॉकथॉन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
राजेश धर्माणी ने कहा कि दधोल स्कूल से ही मुख्यमंत्री घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लिए विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रवास कार्यक्रम के दौरान ज्यादा से ज्यादा लोगों से शामिल होने का भी आह्वान किया है।