धर्मशाला, 5 अगस्त: जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को पुलिस ग्राउंड, धर्मशाला में हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि समारोह का शुभारंभ शहीद स्मारक पर मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा माल्यार्पण के साथ होगा। इसके उपरांत पुलिस ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा एनएसएस के कैडेटों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति और प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
विनय कुमार ने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह को अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान जिला रेडक्राॅस सोसायटी की ओर से रेफरल ड्रा निकाला जाएगा तथा जरूरतमंद लोगों को सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त (उपायुक्त) विवेक चैहान ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर एएसपी राजेन्द्र जसवाल, कमाडेंट होमगार्ड राजेश, जिला भाषा अधिकारी अमित गुलेरी, शहीद स्मारक एनजीओ से कर्नल केकेएस डढवाल, कर्नल जीत बधन, उप निदेशक शिक्षा संजय ठाकुर, जीसीटीई से योगराज सिंह, सेकेंड आईआरबी से डिप्टी एसपी रोहित, जिला कृषि अधिकारी पालमपुर डाॅ. गौरव सूद, सीएमओ कार्यालय से डाॅ. दीपिका, एसडीओ लोक निर्माण सुभाष शर्मा, एसीएफ दौलत राम धीमान, राजकीय काॅलेज धर्मशाला से डाॅ. दीपिका ठाकुर, बीडीओ धर्मशाला अभिनीत कात्यायन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।