फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप का शुभारंभ, युवाओं को नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास का मिलेगा प्रशिक्षण
हमीरपुर, 31 जुलाई-युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला हमीरपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आवासीय “फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप” का शुभारंभ आज जिला पंचायत संसाधन केंद्र, हमीरपुर में हुआ। यह बूटकैंप 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 35 युवा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ त्रिशा बी.एड. कॉलेज के प्रबंध निदेशक श्री एन.के. शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने स्वागत संबोधन में जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें बूटकैंप किट, टी-शर्ट एवं कैप वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना है।
मुख्य अतिथि श्री एन.के. शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं को प्रभावी नेतृत्व के गुणों, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं टीम भावना के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि एक सफल नेता वही होता है जो स्वयं के साथ-साथ समाज को भी सही दिशा देने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से अपने नेतृत्व कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि दौरा युवाओ को नशा मुक्त भारत की सपत भी दिलाई गई ।
इसके उपरांत पीएनबी आरसेटी, हमीरपुर के निदेशक श्री अजय कटना ने प्रतिभागियों को डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान प्रणाली एवं सुशासन (गवर्नेंस) के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने तथा वित्तीय रूप से जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, युवा सेवा एवं खेल विभाग, हमीरपुर के यूथ ऑर्गेनाइज़र श्री सन्नी ने प्रतिभागियों को युवा संसद की अवधारणा, उद्देश्य तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवा संसद युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं संवैधानिक मूल्यों की समझ विकसित करने का एक प्रभावी मंच है।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर सुश्री चंबा ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं तथा उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में माय भारत हमीरपुर के अकाउंटेंट प्रताप चंद,एम टी एस किशोर चंद व वालंटियर मुख्य रूप से उपस्थित रहे !
बूटकैंप के आगामी दो दिनों में प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, टीम बिल्डिंग, संचार कौशल, सुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्र निर्माण तथा विभिन्न प्रेरणादायी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
=============================
वेव्स फिल्म बाजार स्क्रीन राइटर्स लैब 2026 के लिए आवेदन 4 तक
स्क्रीन राइटिंग एवं स्क्रीन प्ले के इच्छुक लेखकों के लिए सुनहरा अवसर
हमीरपुर 31 जुलाई। अगर आप स्क्रीन राइटिंग एवं स्क्रीन प्ले का शौक रखते हैं और अगर आपने कोई ऐसी कहानी लिखी है, जिसे आप बड़े स्तर पर ले जाने चाहते हैं तो आपको राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) ‘वेव्स फिल्म बाजार स्क्रीन राइटर्स लैब 2026’ के माध्यम से एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है।
ऐसे प्रतिभाशाली लेखकों के लिए ‘वेव्स फिल्म बाजार स्क्रीन राइटर्स लैब 2026’ के तहत अगस्त माह में मुंबई में, अक्तूबर में ऑनलाइन माध्यम से और नवंबर में गोआ में मेंटोरशिप सेशन आयोजित किए जाएंगे। इन मेंटोरशिप सेशनों में ये प्रतिभाशाली स्क्रीन राइटर्स बड़े फिल्म निर्माताओं और फिल्म इंडस्ट्रीज के अन्य प्रोफेशनल्स के साथ सीधा संवाद करके अपनी कहानियों के लिए बड़ी संभावनाएं तलाश सकते हैं।
एनएफडीसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ‘वेव्स फिल्म बाजार स्क्रीन राइटर्स लैब 2026’ में भाग लेने के इच्छुक स्क्रीन राइटर्स 4 अगस्त रात 11ः59 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से 9000 रुपये की फीस जमा करवाकर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए एनएफडीसी की वेबसाइट पर लॉग इन किया जा सकता है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का एक बहुत ही महत्वपूर्ण उपक्रम एनएफडीसी फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नए लोगों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करता है। इसी कड़ी में ‘वेव्स फिल्म बाजार स्क्रीन राइटर्स लैब 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
=================================================
29 वर्षों की सेवा के बाद संयुक्त निदेशक अजय पराशर सेवानिवृत
धर्मशाला में भावभीनी विदाई, अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
धर्मशाला, 31 जुलाई: सूचना एंव जन संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक अजय पराशर आज 29 वर्षों की सराहनीय सेवा के उपरांत संयुक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हो गए। जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय धर्मशाला में उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी डाॅ० माधवी पराशर एवं सुपुत्र अर्मितेश पराशर भी उपस्थित रहे। कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्ति जीवन की मंगल कामना की।
29 वर्षों का गौरवशाली सेवाकाल
उल्लेखनीय है कि अजय पराशर ने 1997 में सूचना अधिकारी के रूप् में विभाग में अपनी सेवाएं आरंभ की थीं। अपने लगभग 29 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, सिरमौर, हमीरपुर, चंबा एवं ऊना में जिला लोक संपर्क अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2013 वह उप-निदेशक के पद पर पदोन्नत हुए। इसके पश्चात् वर्ष 2022 से 2025 तक उन्होंने भारत सरकार के नाॅर्थ ईस्ट काउंसिल सचिवालय में बतौर निदेशक, सूचना एवं जन संपर्क के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन किया। इसके बाद वे हिमाचल प्रदेश में संयुक्त निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क के पद पर कार्यरत हुए।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
================================================
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डा. अजय अत्री हमीरपुर ने
बताया कि जिले में 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाएगा।
हमीरपुर, 31 जुलाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डा. अजय अत्री हमीरपुर ने
बताया कि जिले में 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाएगा। इस
दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा
आंगनवाड़ी केंद्रों में स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूकता
गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को
स्तनपान शुरू कराना तथा जन्म से पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना
शिशु के संपूर्ण विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
छह माह के बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान
जारी रखने की सलाह दी जाती है।
उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए संपूर्ण एवं सुरक्षित आहार है।
इससे डायरिया, निमोनिया तथा अन्य संक्रमणों का खतरा कम होता है और शिशु
का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है। साथ ही, स्तनपान माताओं के
स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
उन्होंने जिले की सभी गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा उनके परिवारों से
अपील की कि वे स्तनपान को प्राथमिकता दें तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं
द्वारा दिए जा रहे परामर्श का पालन करें। उन्होंने बताया कि विश्व
स्तनपान सप्ताह के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा स्वास्थ्य विभाग की
टीमें समुदाय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र एवं जन-जागरूकता
गतिविधियां आयोजित करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्तनपान को बढ़ावा देना स्वस्थ समाज की
दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा सभी नागरिकों से इस अभियान को सफल
बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
===============================================
राज्य शिक्षक सम्मान-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित, पात्र शिक्षक 8 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन - सोमलाल धीमान *
ऊना, 31 जुलाई। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा “हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षक सम्मान-2026” के लिए आवेदन एवं नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। यह सम्मान आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमान ने बताया कि जिला ऊना के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षक, मुख्याध्यापक तथा प्रधानाचार्य निर्धारित प्रपत्र में अपने आवेदन अथवा नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन संबंधित पात्र अभ्यर्थी स्वयं अथवा अपने नियंत्रक अधिकारी के माध्यम से भेज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्ण रूप से भरे गए आवेदन/नामांकन पत्र आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं सहायक दस्तावेजों सहित निर्धारित ई-मेल आईडी teachersawarddsehp@gmail.com पर 8 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन भेजने होंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले अथवा अपूर्ण आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
श्री धीमान ने बताया कि अधिक जानकारी एवं निर्धारित आवेदन प्रारूप के लिए अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट www.ddeeuna.in का अवलोकन कर सकते हैं।