उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
ग्राम पंचायतों तथा शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश
बिलासपुर, 23 जुलाई: उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, नशे के दुरुपयोग की रोकथाम, उपचार एवं पुनर्वास, जन जागरूकता तथा विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही विभिन्न कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के विरुद्ध गंभीरता के साथ कार्य कर रही है तथा जिला प्रशासन भी नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर समन्वित एवं सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार बहुआयामी रणनीति के तहत प्रभावी कदम उठा रही है।
बैठक में स्वारघाट में स्थापित किये जा रहे नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की स्थापना से संबंधित प्रगति की समीक्षा भी की गई। उन्होंने इस संबंध में संबंधित विभागों को जल्द उचित कदम उठाते हुए इसे क्रियाशील बनाने के लिए कार्रवाई में तेजी लाने के भी निर्देश दिये। इस बीच एनडीपीएस अधिनियम के मामलों में संलिप्त पाए गए 9 सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध की गई विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इस संबंध में सभी विभागों को नियमानुसार ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
राहुल कुमार ने ग्राम पंचायतों तथा शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिला स्तर के सभी अधिकारियों से स्कूल एडाॅप्शन कार्यक्रम के तहत युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने को भी कहा ताकि विद्यार्थियों को करियर कांउसलिंग के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों बारे भी जागरूक बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त जिला में पंचायत स्तर पर 27 नशा निवारण समितियों का भी गठन किया गया है, जिनकी नियमित बैठकें आयोजित करने तथा नशा उन्मूलन की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी साझा करने तथा इनके माध्यम से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।
उपायुक्त ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किये गए विभागीय प्रयासों को भी सराहा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिला भर में एक लाख से अधिक बच्चों, युवाओं सहित अन्य लोगों को जोड़ा गया है। उन्होंने भविष्य में भी व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित बनाते हुए नशा उन्मूलन की दिशा में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संज्ञान में आया है कि जिला में ओरल निकोटिन पाउच बेचे एवं वितरित किये जा रहे हैं जो कि निकोटिन युक्त, अत्यधिक लत उत्पन्न करने वाले तथा जन स्वास्थ्य, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पादों को औषधि एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक स्वीकृति प्राप्त नहीं है तथा बिना वैध अनुमति या लाइसेंस के इनका निर्माण, भंडारण, बिक्री, वितरण, आॅनलाइन प्रचार अथवा आपूर्ति कानून अपराध है तथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने जिला के सभी निर्माताओं, वितरकों, विक्रेताओं, ई-काॅमर्स प्लेटफाॅर्म, क्विक डिलीवरी सेवाओं, आॅनलाइन विक्रेताओं एवं कुरियर एजेंसियों ऐसे गैर वैधानिक निकोटिन युक्त उत्पादों की बिक्री, प्रचार एवं डिलीवरी को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने इस संदर्भ में संबंधित विभागों के अधिकारियों उचित कदम उठाने के भी निर्देश जारी किये हैं तथा नियमों की अवहेलना पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर समन्वित एवं सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप ठोस एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए नशामुक्त बिलासपुर के लक्ष्य को साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान, एसडीएम राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
===========================================
गाहर-केट सड़क मार्ग आगामी 10 अगस्त तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 23 जुलाई: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग घुमारवीं उपमण्डल के अंतर्गत गाहर से केट सड़क आवश्यक मुरम्मत कार्य के चलते आगामी 10 अगस्त तक बंद करने के आदेश जारी किए है। जारी आदेश में गाहर से केट सड़क मार्ग का उपयोग करने वाले वाहनों को बाया दधोल से जरोड़ा सडक मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है।
उन्होंने जारी आदेश में बताया कि इस सड़क मार्ग की मरम्मत कार्य के दौरान केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी।
==================================================
तकनीकी शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 6 अगस्त को
30 जुलाई तक गैर-सरकारी सदस्य अधिकतम दो मदों का प्रस्ताव कर सकते हैं प्रस्तुत
बिलासपुर, 23 जुलाई: उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 6 अगस्त, 2026 को प्रातः 11 बजे जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे।
उन्होंने समिति के सभी गैर-सरकारी सदस्यों से आग्रह किया है कि वह बैठक में किसी विषय को चर्चा के लिए शामिल करवाना चाहते हैं तो वह अधिकतम दो मदों का प्रस्ताव 30 जुलाई, 2026 को सायं 4 बजे तक उपायुक्त कार्यालय प्रस्तुत कर सकते है।
उन्होंने सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर बैठक में भाग लेने का भी आग्रह किया है।