श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारीयों के दृष्टिगत उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का निरीक्षण
चम्बा, 17 जुलाई-आगामी श्री मणिमहेश यात्रा के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धरवाला, बत्ती की हट्टी, दुर्गेठी व बिभिन्न स्थानों का दौरा कर गत वर्ष प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर चट्टानों अथवा पत्थरों के गिरने की आशंका है, वहां समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करते हुए ढीले पत्थरों को हटाया जाए ताकि आवाजाही सुरक्षित एवं निर्बाध बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, राहुल ने बताया कि चम्बा से भरमौर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान की गई है। इन स्थानों पर सड़क को सुचारु बनाए रखने के लिए 12 से 13 मशीनें तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक पांच किलोमीटर की दूरी पर एक मशीन उपलब्ध करवाई गई है ताकि किसी भी कारणवश मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे शीघ्र बहाल किया जा सके।
उन्होंने बताया कि बत्ती की हट्टी, चूड़ी तथा अन्य अति संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे दो-दो मशीनें तैनात रहेंगी। साथ ही इन क्षेत्रों में दो फ्लैगमैन भी नियुक्त किए जाएंगे, जो भूस्खलन अथवा पत्थर गिरने की स्थिति में यात्रियों और वाहन चालकों को समय पर चेतावनी देंगे।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों की मरम्मत युद्धस्तर पर जारी है ताकि स्थानीय निवासियों और श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
इस दौरान उप प्रबंधक एनएचएआई यशवंत ध्याल, साइट इंजीनियर साहिल व परीक्षित उपस्थित रहे।
============================================
भरमौर 17 जुलाई 2026,
उप मंडल मुख्यालय भरमौर में श्री मणिमहेश ट्रस्ट की बैठक आयोजित,
उपायुक्त एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल ने की बैठक की अध्यक्षता,
श्री मणिमहेश यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश,
आगामी श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए श्री मणिमहेश ट्रस्ट की बैठक आज ट्रस्ट अध्यक्ष एवं उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में लघु सचिवालय भरमौर के सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में भरमौर पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ जनक राज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी संबंधित विभागों, लंगर समितियों, दुकानदारों एवं अन्य हितधारकों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को न्यूनतम करने तथा प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली लागू करने पर विशेष जोर दिया, ताकि संपूर्ण यात्रा मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बना रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त, 2026 से आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा प्रारम्भ की जाएगी। अमरनाथ यात्रा की तर्ज पर प्रारम्भिक रूप से प्रतिदिन लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के लिए स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे। कृष्ण जन्माष्टमी एवं राधाष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या, मौसम तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्लॉट की संख्या आवश्यकता अनुसार बढ़ाई जा सकेगी।
बैठक में यात्रा मार्ग भरमौर से मणिमहेश तक पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, बिजली, संचार एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएच 154-ए और भरमौर से हड़सर की सभी बंद एवं क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आए मलबे को हटाने, क्षतिग्रस्त पुलियों एवं रिटेनिंग वॉल की मरम्मत तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक पैरापिट व साइनेज लगाने के कार्य को 15 अगस्त तक पूरा किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धनछो, गौरी कुंड एवं मणिमहेश झील के आसपास स्थित सभी जल स्रोतों, पाइप लाइनों एवं टंकियों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में प्रत्येक पड़ाव पर स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। क्षतिग्रस्त स्रोतों की तुरंत पहचान कर अस्थायी व्यवस्था के रूप में पेयजल भंडारण टंकियां भी स्थापित की जाएं। उपायुक्त ने मार्ग में शौचालयों के समीप उचित जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भरमौर, हड़सर यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान चंबा-भरमौर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए तथा यात्रियों के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल ही उपयोग में लाए जाएं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जिससे सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की संख्या पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ,उपमंडल अधिकारी भरमौर अजय कुमार , डीएफओ चंबा नवनाथ शिवाजी माने, अधीक्षण अभियंता एनएचएआई शशि चंदेल , अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग विजय नाग , सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग विवेक चंदेल , सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव शर्मा , बीडीओ भरमौर संजय वर्मा , बीएमओ भरमौर डॉ दीपेश बराल, उपमंडल आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ राजेश कुमार, एसएचओ भरमौर बाबू राम ,प्रधान ग्राम पंचायत संचुई तनुजा देवी , प्रधान ग्राम पंचायत हड़सर रश्मि देवी , प्रधान ग्राम पंचायत कुगती रीना कुमारी , प्रधान व्यापार मंडल भरमौर महिंदर पटियाल सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
==============================================
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आज चौथे दिन 96 कलाकारों ने दिया ऑडिशन
अब तक 503 कलाकार बने ऑडिशन का हिस्सा
चंबा ,17 जुलाई-अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों के चयन के लिए आज उप मंडल उपमंडल सलूणी एवं तीसा के लिए ऑडिशन लिए गए जिसमें 96 कलाकारों ने भाग लिया। यह जानकारी जिला भाषा अधिकारी तुकेष शर्मा ने दी।
ऑडिशन प्रक्रिया पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में करवाई जा रही है जिसमें जिला भर से कलाकार भाग ले रहे हैं। ऑडिशन प्रक्रिया का आज चौथा दिन था जिसके तहत नगर परिषद चंबा, उपमंडल चंबा तथा उप मंडल भटियात व डलहौजी तथा उपमंडल सलूणी एवं तीसा का ऑडिशन पूर्ण कर लिया गया है अब तक 503 कलाकार ऑडिशन में हिसा ले चुके हैं।
18 जुलाई को उपमंडल भरमौर एवं पांगी तथा 20 जुलाई को जिला चंबा से बाहर के कलाकारों के ऑडिशन लिए जायेंगे।