सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से जिला बिलासपुर को बनाएंगे कुपोषण मुक्त
उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक आयोजित
बिलासपुर, 04 जून: उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन बिलासपुर में जिला स्तरीय पोषण समिति (डिस्ट्रिक्ट न्यूट्रिशन कमेटी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शिशुओं, बच्चों, धात्री माताओं एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में व्यापक सुधार लाने के लिए विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी अभिसरण (कन्वर्जेन्स) को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि कुपोषण विषय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आयुर्वेद, शिक्षा, कृषि, बागवानी, जल एवं स्वच्छता, ग्रामीण विकास तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़ा एक बहुआयामी विषय है। ऐसे में सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से ही जिला बिलासपुर को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला पोषण समिति विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित कर पोषण संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि जिला पोषण समिति के गठन का उद्देश्य जिला में पोषण संबंधी गतिविधियों की नियमित निगरानी, पोषण संकेतकों की समीक्षा, विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करना तथा पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित बनाना है। समिति बच्चों में स्टंटिंग, वेस्टिंग एवं अल्पवजन जैसे संकेतकों की निगरानी करेगी तथा एनीमिया और कुपोषण की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएगी। इसके अतिरिक्त पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता, टेक-होम राशन की जांच, आंगनवाड़ी केन्द्रों में गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता तथा पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियों की भी नियमित समीक्षा की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी विभागों को पोषण अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों, नियमित निगरानी, सामुदायिक सहभागिता और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिला बिलासपुर को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
बैठक में समिति ने गर्भवती महिलाओं के बेहतर पोषण के लिए विशेष न्यूट्रिशन किट तैयार करने का फैसला किया। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि यह किट पोषण विशेषज्ञों की सलाह एवं वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप तैयार की जाए ताकि गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल होगी और इससे पोषण संबंधी कमियों को दूर करने में सहायता मिलेगी।
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के बेहतर प्रबंधन, आयरन-फोलिक एसिड वितरण, पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि विभाग को पोषण युक्त कृषि को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर पोषण वाटिकाओं के विकास तथा पौष्टिक फल एवं सब्जियों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने जबकि जिला योजना अधिकारी को जिला स्तरीय पोषण कार्ययोजना तैयार करने, कार्यक्रमों की निगरानी एवं मूल्यांकन तथा राज्य एवं राष्ट्रीय पोषण नीतियों के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन पर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नरेंद्र कुमार ने किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
=========================================
उपायुक्त ने क्यारी-जबल क्षेत्र का किया दौरा, ग्रामीणों की समस्याओं का लिया जायजा
बिलासपुर, 04 जून: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्यारी एवं जबल क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्यारी से जबल सड़क पर भूस्खलन के कारण उत्पन्न कठिनाइयों का जायजा लिया तथा मझेड़ और कुटैहला के ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।
ग्रामीणों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि भूस्खलन के कारण सड़क के क्षतिग्रस्त होने से क्यारियां गांव के लोगों को श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए लगभग 13 से 14 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या केे समाधान की दिशा आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस बीच उन्होंने क्यारियां क्षेत्र में की जा रही कटिंग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि कटिंग से निकलने वाले पत्थरों को कोई व्यक्ति न उठा सके, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
उन्होंने फोरलेन सड़क कटिंग निर्माण कार्य के कारण ग्रामीणों को बिजली, पेयजल आपूर्ति सहित आ रही अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर एसडीएम धर्मपाल, डीएफओ राजीव कुमार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता, एनएचएआई के अधिकारी, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष होशियार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
===========================
ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित
बिलासपुर, 04 जून: ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक बुधवार को यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) कार्यालय बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूको बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर चन्द्रशेखर यादव ने की। बैठक में बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, ऋण वितरण तथा विभिन्न सरकार प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान आम जनता तक बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुगम ढंग से पहुंचाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों एवं बैंक शाखाओं के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर बल दिया गया।
बैठक में सदर ब्लॉक के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
=====================================
बीडीओ कार्यालय बिलासपुर में मासिक बैठक एवं स्वच्छता अभियान आयोजित
बिलासपुर, 04 जून: बी.डी.ओ. सदर बिलासपुर विजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आज कार्यालय परिसर में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्राम पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सेवक तथा तकनीकी सहायकों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान कार्यालय परिसर में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। जिसके तहत कार्यालय परिसर की सफाई, पानी के टैंकों के साथ-साथ पानी के मुख्य स्रोतों की भी साफ-सफाई की गई।
उन्होंने जिला प्रशासन के निर्देशों की अनुपालना के तहत सभी कर्मचारियों को अपने आसपास तथा पंचायत स्तर पर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित बनाने तथा जन भागीदारी पर बल दिया।
======================================
अंतर्राष्ट्रीय साइकिल दिवस पर 07 जून को आयोजित होगी साइकिल रैली
बिलासपुर, 04 जून: स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई), एसटीसी बिलासपुर के प्रभारी विजय प्रकाश नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय साइकिल दिवस के अवसर पर आगामी 07 जून को साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि साइकिल रैली का आयोजन प्रातः 7ः30 बजे रोड़ा सेक्टर से गुरुद्वारा चौक होते हुए गर्ल्स स्कूल तक किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों तथा आम नागरिकों से भाग लेने का आह्वान किया है।