कुपोषित बच्चों के सही पोषण के लिए भोरंज में विशेष अभियान
छोटे बच्चों को दिया जाएगा पौष्टिक गुणों से भरपूर रागी का पाउडर
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने लदरौर और मुंडखर में महिलाओं को किया जागरुक
भोरंज 04 जून। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा है कि किसी भी बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन यानि गर्भ से लेकर उसके दूसरे जन्मदिन तक का समय सबसे महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी दौरान उसके मस्तिष्क एवं शरीर का सर्वाधिक विकास होता है। अगर इस दौरान बच्चे का सही पोषण सुनिश्चित किया जाए तो वह भविष्य में स्वस्थ जीवन जी सकता है।
वीरवार को भोरंज उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लदरौर और मुंडखर में पोषण अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित जागरुकता कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, आंगनवाड़ी और आशा वर्करों को संबोधित करते हुए गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि बच्चे के सही पोषण के लिए मां का जागरुक होना बहुत जरूरी है। छह माह तक बच्चे को केवल मां का दूध देना और छह माह के बाद मां के दूध के साथ-साथ बच्चे को अन्य पौष्टिक आहार देने के बारे में मां को सही जानकारी होनी चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि हमारे कई पारंपरिक व्यंजन एवं मोटे अनाज आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इन्हें दैनिक आहार में शामिल करके बच्चों को कुपोषण से बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भोरंज उपमंडल में लगभग 454 बच्चे कम वजन वाले तथा कुपोषित पाए गए हैं। भोरंज उपमंडल में कुपोषण को रोकने और बच्चों का सही पोषण सुनिश्चित करने के लिए पायलट आधार पर न्यूट्रिशनल इंटरवेंशन (पोषण हस्तक्षेप) कार्यक्रम आरंभ किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत छोटे बच्चों को पौष्टिक गुणों से भरपूर रागी का पाउडर दिया जाएगा। उपायुक्त ने रागी के पाउडर के वितरण एवं इनके पौष्टिक गुणों के बारे में भी महिलाओं के साथ व्यापक चर्चा की।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, सीएमओ डॉ. अजय अत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ अनिल कुमार, सीडीपीओ सुनील कुमार ने भी महिलाओं का मार्गदर्शन किया। सिद्धबाड़ी, धर्मशाला की स्वयंसेवी संस्था चिन्मय ग्रामीण विकास संगठन (कॉर्ड) के विशेषज्ञों अनिता ठाकुर और सुनील कुमार ने रागी के पाउडर तथा अन्य पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी दी।
==================================================
बच्चे भी उठा सकते हैं नालसा की मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ
हमीरपुर 04 जून। जिला विधिक सेवाएं समिति हमीरपुर के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण है।
इसी क्रम में नालसा ने बच्चों के लिए भी चाइल्ड फ्रंेडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रन स्कीम, 2024 आरंभ की है। कुलदीप शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत हर बच्चे के लिए मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान किया गया है। बच्चों को जानकारी पाने का अधिकार, अपना पक्ष रखने तथा उसके पक्ष को गंभीरता से सुनने का अधिकार, गरिमा एवं सम्मान तथा गोपनीयता का अधिकार भी बच्चों को दिया गया है।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि मुफ्त कानूनी सहायता के लिए नालसा ने टॉल फ्री नंबर 15100 पर हेल्पलाइन आरंभ की है। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर 1098 पर भी संपर्क किया जा सकता है। दिव्यांगों को भी मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए 14456 हेल्पलाइन नंबर आरंभ किया गया है।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01972-224399 या ईमेल पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के पैनल वकील और पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने पात्र एवं जरुरतमंद लोगों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।