पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में शतायु मतदाताओं ने भी दिखाया जोश
बढ़-चढ़ कर मतदान में लिया भाग, उपायुक्त ने बुजुर्गों के हौसले की की सराहना
बिलासपुर, 28 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण में आज शतायु मतदाताओं ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जीवन का शतक लगा चुके बुजुर्गों के हौसले को देखकर जहां हर कोई इनकी सराहना कर रहा है तो वहीं लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति समाज को एक सकारात्मक सोच भी दे रहे हैं। बुजुर्गों का यह हौसला मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में शत प्रतिशत मतदान करने के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत भी बना है।
जिला में दूसरे चरण के चुनाव में आज कसारू ग्राम पंचायत की 108 वर्षीय रूपा देवी, दकडी पंचायत की 107 वर्ष की मनभंरू देवी, हरनोडा के 106 वर्ष के संतराम, ग्राम पंचायत बल्हसीणा की 100 वर्षीय नरैण देई सहित अन्य शतायु मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान में भाग लिया। इसी दौरान जुखाला के मतदान केंद्र नलवाड में एक वरिष्ठ नागरिक ने बीमारी के चलते ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मतदान केंद्र में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बीमारी की अवस्था में भी मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शतायु मतदाताओं के साथ-साथ अस्वस्थ वृद्ध मतदाताओं के हौसले की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में इनकी भागीदारी न केवल दूसरे मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करेगी बल्कि युवाओं के लिए वह एक प्रेरणा स्त्रोत भी बने हैं।