जिला बिलासपुर में पंचायत चुनावों के द्वितीय चरण में प्रातः 11 बजे तक 42 प्रतिशत मतदान दर्ज : डीसी
बिलासपुर, 28 मई-उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रातः 11 बजे तक 42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है तथा लोग लगातार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिला में पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 39.26 प्रतिशत जबकि महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 44.75 प्रतिशत रहा। कुल 1 लाख 8 हजार 746 मतदाताओं में से 45 हजार 671 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 54 हजार 546 पुरुष मतदाताओं में से 21 हजार 415 तथा 54 हजार 199 महिला मतदाताओं में से 24 हजार 256 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उपमंडलवार आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर सदर में 41.93 प्रतिशत, घुमारवीं में 41.28 प्रतिशत, झंडूता में 39.40 प्रतिशत तथा श्री नैना देवी जी क्षेत्र में 49.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
डीसी ने बताया कि श्री नैना देवी जी क्षेत्र में सर्वाधिक महिला मतदान प्रतिशत 55.13 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पुरुष मतदान प्रतिशत 44.06 प्रतिशत रहा। वहीं घुमारवीं क्षेत्र में कुल 39 हजार 58 मतदाताओं में से 16 हजार 123 मतदाताओं ने मतदान किया। बिलासपुर सदर में 27 हजार 882 मतदाताओं में से 11 हजार 691 तथा झंडूता में 28 हजार 37 मतदाताओं में से 11 हजार 46 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से जारी है।
===============================================
द्वितीय चरण के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए दिनभर सक्रिय रहा जिला प्रशासन, विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
उपायुक्त राहुल कुमार ने मतदाताओं से की बातचीत, विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बिलासपुर, 28 मई: पंचायती राज संस्थाओं के द्वितीय चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरे दिन सक्रिय रहा। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर राहुल कुमार तथा अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने विभिन्न मतदान केंद्रों एवं मॉडल पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया तथा मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने झंडूता विकास खंड के अंतर्गत प्रशासन द्वारा स्थापित गालियां तथा बरठीं मॉडल पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मॉडल पोलिंग स्टेशनों में विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि मॉडल पोलिंग स्टेशनों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य जांच सुविधा, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल तथा बच्चों के लिए क्रेच सुविधा उपलब्ध करवाई गई है ताकि मतदाता सहज वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी ली। मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं शांतिपूर्ण वातावरण पर संतोष व्यक्त किया। उपायुक्त ने मतदान ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी संवाद किया तथा मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उपायुक्त राहुल कुमार ने चांदपुर, बरठीं तथा औहर मतदान केंद्रों का भी दौरा कर वहां मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों तथा मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया के दौरान पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
=================
जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के मतपत्रों की मतगणना की रिहर्सल आयोजित
बिलासपुर, 28 मई: विकासखंड सदर बिलासपुर के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के लिए जिला परिषद एवं पंचायत समिति के मतपत्रों की मतगणना की रिहर्सल का आयोजन किसान भवन बिलासपुर में एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
इस रिहर्सल में लगभग 130 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। रिहर्सल का उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करवाने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर विकास खंड अधिकारी सदर विजय कुमार तथा जिला अंकेक्षण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) विश्वनाथ शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने मतपत्रों की गिनती, रिकॉर्ड संधारण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।