उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अधिकारियों व कर्मचारियों को दिलाई आतंकवाद विरोधी शपथ
शांति, सामाजिक सदभाव और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का लिया संकल्प
मंडी, 21 मई। आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी को शपथ दिलाई कि वे देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परम्परा में दृढ़ विश्वास रखते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेंगे। साथ ही मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सदभाव और सुझबूझ बनाए रखने तथा मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लड़ने का भी संकल्प लिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं और आम जनता को आतंकवाद और हिंसा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शांति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि यह दिवस पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर मनाया जाता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह पटियाल, तहसीलदार निर्वाचन राजेश शर्मा , सीपीओ रमन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
======================================
जिला मंडी में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराने की जरूरत नहीं
85 पेट्रोल पंपों पर सामान्य रूप से जारी है आपूर्ति : अपूर्व देवगन
मंडी, 21 मई। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि जिला मंडी में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कोई कमी नहीं है। जिले में विभिन्न कंपनियों के 85 पेट्रोल पंप कार्यरत हैं, जहां सामान्य रूप से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति जारी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला मंडी में 7 लाख 79 हजार 994 लीटर पेट्रोल तथा 9 लाख 5 हजार 767 लीटर डीजल उपलब्ध है। जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल अथवा डीजल की राशनिंग नहीं की जा रही है।
उपायुक्त ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल या डीजल संबंधी कोई समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तुरंत क्षेत्रीय निरीक्षक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा जिला नियंत्रक कार्यालय मंडी को दें।
उन्होंने कहा कि सभी तेल कंपनियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है ताकि ईंधन की आपूर्ति सुचारू बनी रहे। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराएं नहीं। उन्होंने कहा कि जिला मंडी में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
============================
यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 बीएनएसएस लागू
24 मई को मंडी शहर में रैली, लाउड स्पीकर और निर्माण कार्यों पर रहेगा प्रतिबंध
मंडी, 21 मई। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा 24 मई को आयोजित की जाने वाली सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए उपमंडलाधिकारी (ना.) मंडी रुपिंदर कौर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार 24 मई को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की सामाजिक, सांस्कृतिक अथवा राजनीतिक रैली, जुलूस, धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी तथा हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा निर्माण कार्य, टेंट अथवा मंच लगाने और हटाने संबंधी गतिविधियों पर भी रोक रहेगी।
उन्होंने बताया कि यह आदेश वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी उपकेंद्र-001 और 002, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्कूल बाजार मंडी उपकेंद्र-003 तथा पीएम श्री राजकीय मॉडल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समखेतर मंडी उपकेंद्र-004 के आसपास लागू रहेगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी, गोला-बारूद, तलवार अथवा अन्य घातक वस्तुएं ले जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी को आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।