अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली आतंकवाद का विरोध करने की शपथ
हमीरपुर 21 मई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि वीरवार को जिला हमीरपुर में भी आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाई गई।
इस उपलक्ष्य पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद और किसी भी तरह की अन्य हिंसा का विरोध करने तथा आपसी सदभाव को बढ़ावा देने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी नरेश पटियाल और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
==================================
30 तक लगवा लें सर्विकल कैंसर से बचाव का टीका
सीएमओ ने 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों और उनके अभिभावकों से की अपील
हमीरपुर 21 मई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने के लिए आरंभ किया गया एचपीवी वैक्सीन का मुफ्त टीकाकरण अभियान 30 मई को समाप्त होने जा रहा है। इसलिए, अभी तक एचपीवी वैक्सीनेशन से छूटी 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियां और उनके अभिभावक 30 मई तक टीकाकरण सुनिश्चित कर लें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जो लड़कियां इस बार के अभियान से छूट जाएंगी, उन्हें भविष्य में यह टीका लगवाने का मौका मिलना मुश्किल है। डॉ. अजय अत्री ने बताया कि जिला हमीरपुर में इस अभियान के दौरान लगभग 2967 लड़कियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन अभी तक केवल 41 प्रतिशत यानि 1228 लड़कियों ने ही यह टीका लगवाया है और अभियान की समाप्ति के लिए 10 दिन से भी कम समय बचा है।
डॉ. अजय अत्री ने लड़कियों के अभिभावकों के अलावा सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने-अपने शिक्षण संस्थानों की 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।
=====================================
हमीरपुर एवं बिझड़ी में वन विभाग की लकड़ी की नीलामी 2 और 5 जून को
हमीरपुर 21 मई। वन रेंज कार्यालय हमीरपुर और बिझड़ी के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर रखी गई लकड़ी को खुली बोली के माध्यम से नीलाम किया जाएगा।
मंडल कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जून को सुबह साढे ग्यारह बजे वन रेंज कार्यालय हमीरपुर में नीलामी प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। इसमें वन रेंज हमीरपुर के अंतर्गत लगभग 28 स्थानों पर रखी गई लकड़ी को नीलाम किया जाएगा।
इसी प्रकार, 5 जून को वन रेंज कार्यालय बिझड़ी में भी नीलामी प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी, जिसमें रेंज के अंतर्गत 5 स्थानों पर रखी गई लकड़ी नीलाम की जाएगी। नीलामी से संबंधित नियमों और लकड़ी के बारे में अधिक जानकारी के लिए संबंधित वन रेंज कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
==============================================
टीजीटी आर्ट्स की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में 32 और उम्मीदवारों को मौका
हमीरपुर 21 मई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर द्वारा पोस्ट कोड-25001 के तहत की जा रही टीजीटी (आर्ट्स) की भर्ती प्रक्रिया की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए मेरिट आधार पर 32 और उम्मीदवारों को बुलाया जा रहा है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि टीजीटी (आर्ट्स) के 425 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम 4 अप्रैल को घोषित किया गया था तथा मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि पदों और उम्मीदवारों की संख्या को देखते हुए अब मेरिट के आधार पर ही 32 और उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का मौका दिया जा रहा है।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन सभी 32 उम्मीदवारों के रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर डाल दिए गए हैं। इनकी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एक जून को सुबह 10 बजे आयोग के कार्यालय में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डॉउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।