पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के लिए प्रथम चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित
ऊना, 13 मई। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आज(बुधवार) को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में प्रथम चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी अभिषेक मित्तल ने की। प्रथम चरण के इस चुनावी पूर्वाभ्यास में कुल 668 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 178 पीठासीन अधिकारी तथा 490 मतदान अधिकारी शामिल रहे।
इस दौरान चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। एसडीएम ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण एवं रिहर्सल के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक संपन्न करवाई जाएगी। पूर्वाभ्यास के दौरान मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन, मतदान की विधि तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
एसडीएम ने बताया कि दूसरे चरण की चुनावी रिहर्सल 18 मई तथा तीसरे चरण का पूर्वाभ्यास 24 मई को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर बीडीओ रमनवीर चौहान, बाल विकास अधिकारी शिव सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर विकास सैणी, दीपक जोशी सहित मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
=====================================
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय संधोल में रिक्त सीटों के लिए आवेदन आमंत्रित

मंडी, 13 मई। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय संधोल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न कक्षाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। प्रवेश प्रक्रिया के बाद कक्षा पहली में 4 (एससी-1 और एसटी-3), दूसरी में 3, तीसरी में 4, चौथी में 5, पांचवीं में 16, नौवीं में 3, दसवीं में 12, ग्यारहवीं (विज्ञान संकाय) में 13 तथा बारहवीं (विज्ञान संकाय) में 18 सीटें रिक्त हैं। इच्छुक अभिभावक निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रधानाचार्य धीरज कौशल ने बताया कि यह रिक्तियां अस्थायी हैं तथा उपलब्धता के अनुसार भिन्न हो सकती हैं। आवेदन जमा करने की अवधि 12 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। विद्यालय की वेबसाइट से आवेदन प्रपत्र प्राप्त किया जा सकता है तथा विद्यालय में भी आवेदन प्रपत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए जन्म प्रमाण पत्र, अभिभावक का सेवा प्रमाण-पत्र, अभिभावक का स्थानांतरण प्रमाण-पत्र, बच्चे का जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार फोटो, टीसी सहित पूर्व कक्षा की अंकतालिका जमा करना अनिवार्य होगा। ग्यारहवीं और बारहवीं (विज्ञान संकाय) कक्षाओं में प्रवेश के लिए अभिभावक का श्रेणी-1 अथवा श्रेणी-2 में होना आवश्यक है।
==========================================
हमीरपुर शहर के कई क्षेत्रों में 17 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 13 मई। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड फीडर में जीओ स्विच लगाने, एचटी लाइन की मरम्मत और पेड़ों की काट-छांट के कार्य के चलते 17 मई को वार्ड नंबर 5, 7, 8 और 9, ठाकुर नर्सिंग होम, एचआरटीसी वर्कशॉप, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बसंत रिजॉर्ट, बाईपास, हमीरपुर पब्लिक स्कूल, मोरिंगा मॉल, अप्पर गौड़ा, लोअर गौड़ा, मिडल गौड़ा, भोटा चौक, रिलायंस टॉवर, उसयाणा, लोहारडा, सीवरेज प्लांट, पुलिस लाइन दोसड़का, अग्निशमन केंद्र, हथली और आस-पास के क्षेत्रों में सुबह 10 से 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।