जिला में नगर निकाय चुनावों की तैयारियां तेज, ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग के लिए कार्यशाला आयोजित
बिलासपुर, 7 मई 2026।
आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने चुनाव तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित बचत भवन में ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) से संबंधित कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, ईवीएम इंचार्ज तथा संबंधित कर्मचारियों को ईवीएम की जांच, रखरखाव, परिवहन, मार्किंग तथा रिकॉर्ड संधारण संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 17 मई को जिले में नगर निकाय चुनाव आयोजित होने हैं, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसी उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सही परिवहन, मशीनों की पहचान, सीलिंग प्रक्रिया तथा रिकॉर्ड संधारण संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

=====================================

आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए ईवीएम की प्रथम स्तर जांच पर कार्यशाला आयोजित

बिलासपुर, 07 मई: आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर बचत भवन में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) की प्रथम स्तर जांच (एफएलसी) से संबंधित कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, ईवीएम इंचार्ज तथा संबंधित कर्मचारियों को ईवीएम की जांच, रखरखाव, परिवहन, मार्किंग एवं रिकॉर्ड संधारण के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ईवीएम की प्रथम स्तर जांच अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, परिवहन की प्रक्रिया, मशीनों की पहचान, सीलिंग प्रक्रिया तथा रिकॉर्ड संधारण के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

=======================================

रौड़ा अनुभाग के अंतर्गत आसपास के क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 07 मई
: सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-।। ई. रविन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 08 मई को रौड़ा अनुभाग में बिजली की लाईनों की आवश्यक मरम्मत, पेडों की कांट-छांट व जीओ स्वीच के पार्ट बदले के चलते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि रौड़ा अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र एचआरटीसी वर्कशाॅप, निहाल गांव तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विद्युत आपूर्ति आंशिक रुप से बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।

=================================

पहले दिन जिला परिषद के लिए 20 तथा पंचायत समितियों के लिए 115 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन पत्र
बिलासपुर, 07 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस बारे जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिला में आज विभिन्न जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि पंचायत समितियों के लिए भी विभिन्न उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जिनमें घुमारवीं पंचायत समिति के लिए 48, झण्डुता पंचायत समिति के लिए 34, श्री नैना देवी जी पंचायत समिति के लिए 11 तथा पंचायत समिति सदर से 22 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए है।
इसके अतिरिक्त जिला में सदर विकास खंड के तहत 88 प्रधान, 68 उप प्रधान तथा 172 वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। इसी तरह जहां घुमारवीं विकास खंड के अंतर्गत प्रधान पद के लिए 93, उप-प्रधान पद के लिए 105 तथा वार्ड सदस्यों के लिए 269 ने नामांकन दाखिल किये हैं तो वहीं झंडूता विकास खंड के अंतर्गत प्रधान के लिए 91, उप-प्रधान के लिए 82 तथा वार्ड सदस्यों के लिए कुल 199 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं। इसी तरह श्री नैना देवी जी विकास खंड के तहत प्रधान के लिए 45, उप-प्रधान के लिए 29 तथा वार्ड सदस्यों के लिए 83 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं।
उन्होंने कहा कि 8 तथा 11 मई को भी प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संबंधित कार्यालयों में नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 12 मई 2026 को प्रातः 10 बजे से संबंधित कार्यालयों में की जाएगी, जबकि 14 एवं 15 मई को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 तथा 30 मई को सम्बन्धित ग्राम पंचायतों के साथ मतदान सम्पन्न होगा।

=========================================

नगर परिषद एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के दृष्टिगत डीसी ने घुमारवीं में किया विभिन्न स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
बिलासपुर, 07 मई: घुमारवीं में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दृष्टिगत उपायुक्त राहुल कुमार ने घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव संबंधित स्ट्रांग रूम, कलरी कॉलेज में बनाए गए बीडीसी एवं जिला परिषद के स्ट्रांग रूम सहित नगर परिषद के रैहन बसेरा में स्थापित काउंटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम में सुरक्षा व्यवस्था के सभी मानकों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की तथा सम्बन्धित अधिकारियों उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं की निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता के साथ संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी स्ट्रांग रूम, काउंटिंग हाॅल के साथ-साथ सभी मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावी प्रक्रिया के तहत आज पहले दिन नामांकन पत्र दाखिल किए गये है तथा आगामी 8 व 11 मई को भी नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम गौरव चैधरी, बीडीओ अभिषेक शर्मा भी उपस्थित रहे।

===================================

बिलासपुर में साइबर सिक्योरिटी को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजित
बिलासपुर 07, मई: उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर के बचत भवन में साइबर सिक्योरिटी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यशाला में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों एवं उनसे बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सरकारी एवं निजी कार्यों में डिजिटल माध्यमों का उपयोग तेजी से बढ़ा है, जिसके चलते साइबर अपराधों की घटनाओं में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति के लिए साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मोबाइल एवं कंप्यूटर सुरक्षा, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, मजबूत एवं सुरक्षित पासवर्ड के उपयोग, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने, फिशिंग लिंक एवं फर्जी कॉल से सावधान रहने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त साइबर अपराध होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया एवं राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन के बारे में भी अवगत कराया गया।
विशेषज्ञों ने समझाया कि साइबर अपराधी किस प्रकार आम लोगों को फर्जी लिंक, ई-मेल, मैसेज एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए निशाना बनाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अनजान कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहने तथा समय-समय पर अपने डिजिटल उपकरणों को अपडेट रखने की सलाह दी।
उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यशाला को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम वर्तमान समय की आवश्यकता हैं तथा इन्हें समय-समय पर आयोजित किया जाना चाहिए।
इस अवसर रेड क्रॉस सोसाइटी बिलासपुर से अमित कुमार ,निदेशक मातृसुधा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सह-संस्थापक साइबर चक्रव्यू अरविंद सिंह तथा निदेशक इंडिपेंडेंट थॉट एवं सह-संस्थापक साइबर चक्रव्यू विक्रम श्रीवास्तव, इंडिपेंडेंट थॉट के सदस्य अश्वनी कुमार, मातृसुधा चैरिटेबल ट्रस्ट से रवि कुमार ने साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी प्रदान की।