बड़सर में भी मनाया गया विश्व रैडक्रॉस दिवस

बड़सर 08 मई। रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई बड़सर ने भी शुक्रवार को विश्व रैडक्रॉस दिवस मनाया। इस अवसर पर एसडीएम स्वाति डोगरा और अन्य अधिकारियों ने स्थानीय नागरिक अस्पताल में मरीजों और अन्य लोगों को जूस एवं फल वितरित किए।

===============================

जटेहड़ी में टीसीपी एक्ट के उल्लंघन पर एक महिला को नोटिस

हमीरपुर 08 मई। तहसील हमीरपुर के राजस्व मुहाल जटेहड़ी में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) अधिनियम का उल्लंघन करते हुए निर्माण करने पर एक महिला को टीसीपी विभाग ने नोटिस जारी किया है।
विभाग के नियोजन अधिकारी की ओर से हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-2 के तहत जारी इस नोटिस में निर्माण कार्यों को तुरंत बंद करने तथा साइटों पर पूर्व की स्थिति बहाल के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

=========================

सिविल अस्पताल भोरंज में मनाया गया विश्व रैडक्रॉस दिवस

भोरंज 8 मई। विश्व रैडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई ने यहां नागरिक अस्पताल में एक शिविर आयोजित किया। इस वर्ष के विश्व रैडक्रॉस दिवस के थीम ‘मानवता में एकजुट’ पर आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता एसडीएम शशिपाल शर्मा ने की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की संस्था रैडक्रॉस मानवता की सेवा के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम के दौरान रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई की मानवता की सेवा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी गई तथा अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को फल एवं जूस भी वितरित किया गया।
इस मौके पर बीएमओ डॉ. ललित कालिया, अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा रैडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य एवं संरक्षक भी उपस्थित रहे।

=========================

पक्का भरो और आस-पास के क्षेत्रों में 9 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 08 मई। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत पक्का भरो और इसके साथ लगते क्षेत्रों में 9 मई को लाइनों के आस-पास पेड़ों की काट-छांट के कार्य के चलते पक्का भरो चौक, आस्था अस्पताल, पेट्रोल पंप और आस-पास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली पूर्ण रूप से बाधित रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

=========================

विश्व रैडक्रॉस दिवस पर नादौन में चलाया सफाई अभियान


नादौन 08 मई। विश्व रैडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई ने यहां मिनी सचिवालय के परिसर में सफाई अभियान चलाया।
एसडीएम निशांत शर्मा की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न विभागों और स्थानीय नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मिनी सचिवालय परिसर तथा इसके आस-पास के स्थानों पर कचरे एवं झाड़ियों को हटाया। इस अभियान में योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को रिफ्रेशमेंट भी बांटी गई।

================================

हमीरपुर शहर के कुछ क्षेत्रों में 9 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 08 मई। जिला मुख्यालय में जल शक्ति विभाग और टीसीपी विभाग के कार्यालयों के पास खतरनाक पेड़ों को हटाने के कार्य के चलते 9 मई को वार्ड नंबर-7, जल शक्ति विभाग के कार्यालय, टीसीपी विभाग के कार्यालय और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली पूर्ण रूप से बाधित रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
==============================

प्रागपुर और रैत में मतगणना केंद्रों में आंशिक संशोधन
धर्मशाला, 08 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा द्वारा पंचायत चुनाव-2026 के अंतर्गत विकास खंड प्रागपुर तथा रैत में मतगणना एवं स्ट्रांग रूम स्थलों को लेकर पूर्व में जारी आदेशों में आंशिक संशोधन किया गया है। यह संशोधन संबंधित खंड विकास अधिकारियों की ओर से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर किया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार विकास खंड प्रागपुर के लिए जिला परिषद तथा पंचायत समिति वार्डों के मतयुक्त मतपत्रों को सुरक्षित रखने (स्ट्रांग रूम) और मतगणना के लिए पहले कृषि विभाग प्रागपुर गोदाम-2 को निर्धारित किया गया था। अब इसके स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) प्रागपुर को मतगणना केंद्र एवं स्ट्रांग रूम के रूप में अधिसूचित किया गया है।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत नारी की मतगणना के लिए पूर्व निर्धारित राजकीय माध्यमिक पाठशाला नारी के स्थान पर अब पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत घर) नारी को निर्धारित किया गया है। ग्राम पंचायत नारी के चुनाव परिणामों की घोषणा भी इसी संशोधित स्थल पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत घर) नारी में की जाएगी।
वहीं पंचायत समिति सदस्य प्रागपुर के चुनाव परिणामों की घोषणा, जो पहले कृषि विभाग प्रागपुर गोदाम-2 में प्रस्तावित थी, अब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) प्रागपुर में की जाएगी।
इसी प्रकार विकास खंड रैत के लिए भी पूर्व आदेशों में संशोधन किया गया है। जिला परिषद तथा पंचायत समिति वार्डों के मतयुक्त मतपत्रों को सुरक्षित रखने तथा मतगणना के लिए पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत को निर्धारित किया गया था, जिसे अब बदलकर मिनी सचिवालय शाहपुर किया गया है।
इसके साथ ही पंचायत समिति सदस्य रैत के चुनाव परिणामों की घोषणा का स्थल भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत के स्थान पर अब मिनी सचिवालय शाहपुर निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कांगड़ा ने बताया कि पूर्व में जारी आदेशों की अन्य सभी शर्तें, सूचनाएं एवं प्रावधान यथावत लागू रहेंगे। पंचायत चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से यह संशोधन किए गए हैं।

==================================

20 मई तक करें लंबित बिजली बिलों का भुगतान

मंडी, 8 मई। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड विद्युत उपमंडल संख्या-2 मंडी के अंतर्गत आने वाले सौली खड्ड, विन्द्रावणी, नेला, चडयाणा, शिल्ला कीपर, मझवाड, दुदर, कोटमोर्स, सायरी, रखून, ब्राधिवीर, चडयारा, गुटकर, ओटा, बैहना, कैहनवाल, मनयाणा, टिल्ली, तत्याहड़, देवधार, पधियूं, कठलग, रंधाडा, गजनोहा, पतरौण, रत्तीपुल, अलाथू, मराथू, जनेड, सिरम तथा तांदी क्षेत्र के सभी प्रकार के विद्युत उपभोक्ताओं से अप्रैल माह के लंबित बिजली बिलों का भुगतान 20 मई 2026 तक अथवा उससे पूर्व करने का आग्रह किया गया है।

सहायक अभियन्ता ई. सुनील शर्मा ने बताया कि निर्धारित तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना किसी अतिरिक्त सूचना के अस्थायी रूप से काट दिए जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय रहते बिजली बिल जमा करवाने की अपील की है ताकि असुविधा से बचा जा सके।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता दूरभाष नंबर 01905-222958 तथा 9418126230 पर संपर्क कर सकते हैं।

=====================================

विश्व रेड क्रॉस दिवस पर गोहर में रक्तदान शिविर आयोजित, 28 यूनिट रक्त एकत्रित

गोहर 8 मई। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर उपमंडल गोहर के बासा स्थित राजकीय महाविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 28 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में सर्व स्वयंसेवियों, स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों तथा महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।

शिविर का शुभारम्भ एसडीएम गोहर देवी राम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

जिला रेड क्रॉस सोसायटी मंडी के सचिव ओपी भाटिया ने उपस्थित लोगों को रेड क्रॉस की विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस संस्था आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवाओं, जरूरतमंदों की सहायता तथा सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए इसे समाज के प्रति एक प्रेरणादायक योगदान बताया।