बिलासपुर में 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
मोटर वाहन चालानों सहित विभिन्न मामलों का होगा आपसी समझौते से त्वरित निपटारा
बिलासपुर, 06 मई: जिला बिलासपुर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर प्रतीक गुप्ता ने दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर बिलासपुर, घुमारवीं तथा झंडुता न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इस लोक अदालत के माध्यम से पूर्व मुकदमेबाजी के मामलों के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित वादों का भी आपसी समझौते के आधार पर त्वरित एवं सरल निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत में बैंक से संबंधित विवाद, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी के बिलों से जुड़े मामले, वैवाहिक विवाद सहित अन्य सुलह योग्य मामलों को लिया जाएगा। जिन व्यक्तियों के उपरोक्त श्रेणियों में मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे अपने प्रकरण को लोक अदालत में सूचीबद्ध करवा सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, जिन व्यक्तियों का मामला वर्तमान में किसी न्यायालय में विचाराधीन नहीं है, यदि वे आपसी सहमति के आधार पर अपने विवाद का समाधान लोक अदालत के माध्यम से कराना चाहते हैं, तो वे भी निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं और शीघ्र निर्णय प्राप्त कर सकते हैं।
मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानों से संबंधित मामलों के निपटारे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ऐसे मामलों को ऑनलाइन माध्यम से ई-पे के जरिए अथवा न्यायालय में उपस्थित होकर लोक अदालत से पूर्व भी निपटाया जा सकता है, जिससे नागरिकों को समय और संसाधनों की बचत होगी।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की निःशुल्क कानूनी सहायता या परामर्श के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 15100 (हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-221452, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-224887 तथा उपमंडलीय विधिक सेवा समिति घुमारवीं के दूरभाष नंबर 01978-254080 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, अपनी समस्या ईमेल के माध्यम से Secy-dlsa-bil-hp@gov.in पर भी भेजी जा सकती है।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के लिए इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर भी आवेदन कर सकते हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-221452 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
-===========================================

ग्राम पंचायत स्वाहन में तीन दिवसीय टास्क फोर्स यूथ वॉलंटियर प्रशिक्षण संपन्न
ग्राम पंचायत स्वाहन में आयोजित तीन दिवसीय टास्क फोर्स यूथ वॉलंटियर प्रशिक्षण कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 45–50 युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू), त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं पुनर्वास तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चार ग्राम पंचायतों—कोडावाला, स्वाहन, बेहल एवं टरवाड—के प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय युवाओं को आपात परिस्थितियों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाना रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उदय शर्मा, टीसीबी, डीडीएमए बिलासपुर ने प्रतिभागियों से भविष्य में आपदा प्रबंधन एवं समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने हेतु आग्रह किया।

==========================================

08 मई को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में दिव्यांगजनों का होगा चिकित्सा परीक्षण
बिलासपुर, 06 मई: जिला बिलासपुर में दिव्यांगजन को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आगामी 08 मई (शुक्रवार) को शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर आयोजन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने जिला मेडिकल डिसेबिलिटी बोर्ड का गठन किया है।

इस सम्बन्ध में आदेश जारी करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बोर्ड में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं अधिकारियों को नामित किया गया है, जिनमें शिशु रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ तथा क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि यह शिविर 08 मई को प्रातः 10 बजे से अंतिम लाभार्थी के परीक्षण तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षण का स्थान कक्ष संख्या-203, न्यू ओपीडी कॉम्प्लेक्स, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रहेगा। उन्होंने सभी संबंधित लाभार्थियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथि व समयानुसार शिविर में शामिल होने का आह्वान किया है।