भोरंज की 44 पंचायतों के एआरओ को समझाई नामांकन प्रक्रिया
वीरवार से आरंभ हो रही है प्रधान, उपप्रधान और पंचायत सदस्यों की नामांकन प्रक्रिया

भोरंज 06 मई। विकास खंड भोरंज के अंतर्गत 44 ग्राम पंचायतों में वीरवार से आरंभ होने वाली नामांकन प्रक्रिया के लिए नियुक्त किए जाने वाले सहायक निर्वाचन अधिकारियों के लिए बुधवार को यहां मिनी सचिवालय में दूसरे दौर का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भोरंज के एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी शशिपाल शर्मा ने सहायक निर्वाचन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया और निर्वाचन से संबंधित अन्य सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा इन सभी प्रक्रियाओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्वक संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हर पंचायत में इन सभी प्रक्रियाओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्वक संपन्न करवाने की जिम्मेदारी सहायक निर्वाचन अधिकारियों पर रहेगी। नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेजों, प्रपत्र-18क, 18ख, 19 और अन्य प्रपत्रों के बारे में भी एसडीएम ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत सदस्य के लिए जमानत राशि 100 रुपये है। आरक्षित वर्गों और महिलाओं के लिए यह राशि 50 रुपये निर्धारित की गई है। प्रधान और उपप्रधान के पदों की जमानत राशि 150 रुपये होगी। महिला प्रत्याशी और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए यह 75 रुपये होगी। नामांकन के समय आरक्षित वर्ग के प्रत्याशी को अपना जाति प्रमाण-पत्र देना होगा।
एसडीएम ने कहा कि नामांकन की सूचना हर रोज पंचायत घर में प्रदर्शित होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की आपत्ति को लिखित रूप में ही स्वीकार किया जाना चाहिए। सहायक निर्वाचन अधिकारियों को नामांकन पत्रों की छंटनी प्रकिया, चुनाव चिह्नों के आबंटन और मतगणना की प्रक्रिया से भी अवगत करवाया गया। प्रशिक्षण के उपरांत सभी 44 सहायक निर्वाचन अधिकारियों को नामांकन पत्रों से संबंधित सामग्री सहित ग्राम पंचायतों के लिए रवाना कर दिया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, बीडीओ कुलवंत सिंह, पंचायत निरीक्षक राकेश कुमार, उप निरीक्षक मनोज शर्मा और सभी सहायक निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
======================================
ज़िला स्तरीय मासिक मूल्यांकन बैठक का आयोजन

आज दिनाक 06/ 05/2026 को उप निर्देशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डा.
राजेश गुलेरी की अध्यक्षता में सी ऍम ओ ऑफिस के कांफ्रेंस हॉल में ज़िला
स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसमे जिला स्वास्थ्य
अधिकारी डा. अजय अत्री, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से
चिकित्सा अधीक्षक डा. देशराज जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. सुनील वर्मा,
जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. पारस और जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. नेहा
पटियाल, सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना एवम् सम्प्रेषण अधिकारी
सुनील रांगडा, स्वास्थ्य शिक्षक, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक , लेखाकार, ब्लाक
प्रोग्राम मैनेजेर उपस्थित रहे l

इस अवसर पर उप निर्देशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन
डा. राजेश गुलेरी द्वारा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी
योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिसमें प्रमुख रूप से एचपीवी
(ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत जो बच्चे छुट रहे
हैं उनको भी टीकाकरण करना सुनिश्चित किया जाये ताकि कोई भी बच्चा छूट न
जाये, जितनी भी गर्भवती महिलाएं हैं उनका पंजीकरण अति शीघ्र किया
जाये l और बताया कि प्रसव पूर्व अवधि के दौरान ही गर्भवती महिलाओं को
परिवार नियोजन के तरीकों को अपनाने के लिए परामर्श दिया जाना चाहिए और
जननी सुरक्षा योजना में लाभार्थी महिलाएं इस योजना से वंचित न रहें l

और कहा की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों की
अपंगता को अति शीघ्र पहचlनना और उनका निदान करना सुनिश्चित किया जाये l

उन्होंने यह भी बताया कि एचबीएनसी (होम बेस्ड न्यूबॉर्न
केयर) के तहत आशा कार्यकर्ता नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए घर पर सात
बार दौरा करती हैं और आवश्यक सेवाएं प्रदान करती हैं इन दौरों को शत
प्रतिशत सुनिश्चित करें l और कहा की महिलाओं और बच्चों में अनीमिया और
पोषण की तरफ ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है l और बताया की कुष्ठरोग,
तम्बाकू मुक्त हिमाचल, क्षय रोग के नियंत्रण के बारे में शिविर लगवाने
और गैर संचारी रोगों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की गई l
=========================================
सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों ने किया एनसीसी कैडेट्स का मार्गदर्शन
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के चिकित्सा अधिकारी मेजर हरीश ने ऊना की इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में जारी एनसीसी की 6 एचपी (स्वतंत्र) कंपनी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के प्रतिभागी एनसीसी कैडेटों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को थल सेना में अधिकारी बनने के लिए आवश्यक औपचारिकताओं एवं प्रक्रियाओं से अवगत करवाया। सहायक भर्ती अधिकारी सूबेदार मेजर संजय कुमार सिंह ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती की प्रकिया की विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यक्रम में कुल 195 एनसीसी कैडेट और 17 स्टाफ सदस्य शामिल हुए।
=============================
सोलन दिनांक 06.05.2026
सोलन शहर को औसतन 82.69 लाख लीटर पेयजल प्रतिदिन उपलब्ध

जल शक्ति विभाग सोलन के सहायक अभियंता ए.एस. ठाकुर ने कहा कि सोलन शहर को वर्तमान में गिरी उठाऊ जलापूर्ति तथा अश्वनी खड्ड जलापूर्ति योजना के माध्यम से जल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि विभाग निरंतर यह प्रयास कर रहा है कि सोलन शहर में नियमित जलापूर्ति होती रहे।
ए.एस. ठाकुर ने कहा कि इन दोनों योजनाओं से सोलन शहर को प्रतिदिन औसतन 82.69 लाख लीटर पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। गत 34 दिनों में सोलन शहर को इन दोनों योजनाओं से 2811.40 लाख लीटर पेयजल उपलब्ध हुआ है।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा स्थापित पंपिंग प्रणाली की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि किसी व्यवधान की स्थिति में इन्हें तुरंत ठीक किया जा सके। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति में समस्या की शिकायत मिलने पर इनका शीघ्र निदान किया जा रहा है।
सहायक अभियंता ने कहा कि गत 30 अप्रैल, 2026 को विद्युत आपूर्ति बाधित होने व तकनीकी व्यवधान के कारण पंपिंग प्रभावित होने से जलापूर्ति अस्थाई रूप से प्रभावित हुई थी। शेष समय में जलापूर्ति नियमित रखने के पूर्ण प्रयास किए गए हैं।
ए.एस. ठाकुर ने लोगों से आग्रह किया कि जलापूर्ति के सम्बन्ध में सही तथ्यों पर ध्यान दें और परेशानी की स्थिति में विभाग को अवगत करवाएं ताकि समस्या को शीघ्र सुलझाया जा सके।
====================================
नेरचौक में 5 और रिवालसर में 3 उम्मीदवारों ने वापस लिए नाम

मंडी, 6 मई। नगर परिषद नेरचौक और नगर पंचायत रिवालसर के चुनावों के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी नगर परिषद नेरचौक एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि नेरचौक में 5 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं। इनमें वार्ड नंबर-3 भंगरोटू से नंद लाल, सन्नी और विजय कुमार तथा वार्ड नंबर-9 डडौर से कृष्ण चंद और नानक चंद शामिल हैं। नाम वापसी के बाद अब नगर परिषद नेरचौक में कुल 35 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत रिवालसर से 3 प्रत्याशियों वार्ड नंबर 2 से लीलावती, वार्ड नंबर 4 से महेंद्र पाल और वार्ड नंबर 7 से देवेन्द्र ने अपने-अपने नाम वापस लिए हैं। अब रिवालसर में कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें वार्ड नंबर-2 से 3, वार्ड नंबर-3 से 2, वार्ड नंबर-4 और 5 से 3-3, वार्ड नंबर-6 से 2 तथा वार्ड नंबर-7 से 3 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर-1 से केवल एक प्रत्याशी रश्मि पत्नी नलिन कुमार ने नामांकन दाखिल किया था, जिन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है।

==========================
नाम वापसी के अंतिम दिन 11 उम्मीदवारों ने वापस लिए नाम, अब 42 प्रत्याशी मैदान में

मंडी, 4 मई। नगर निगम मंडी के पार्षद चुनावों के लिए नाम वापसी के अंतिम दिन 11 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इसके बाद अब नगर निगम मंडी के 15 वार्डों में कुल 42 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। सभी निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं।

वार्ड नंबर-1 खलियार से गौरव, टेक चंद और विवेक ने अपने नाम वापस लिए। वार्ड नंबर-7 तल्याड़ से सुदेश और अभिनव, वार्ड नंबर-11 समखेतर से वरूण तथा वार्ड नंबर-12 से योगेश कुमार ने नाम वापस लिया। वहीं, वार्ड नंबर-14 बैहना से कृष्ण भानु, गुरवचन सिंह, धन देव और मनसा राम ने अपने नामांकन वापस लिए।

वार्ड नंबर-1 से 13 की सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रूपिन्द्र कौर ने बताया कि इन 13 वार्डों से कुल 7 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं। अब इन वार्डों में 39 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ रहे सभी निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं।

वहीं, वार्ड नंबर-14 और 15 की सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि वार्ड नंबर-14 बैहना से चार उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं, जबकि वार्ड नंबर-15 दौंहदी से किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया।
================================================
मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मी करवाएं पंजीकरण

ऊना, 5 मई. सैनिक कल्याण विभाग ऊना के उपनिदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) एस.के. कालिया ने जिले में निवास कर रहे मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एमएनएस) से सेवानिवृत्त कर्मियों से जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना में अपना पंजीकरण करवाने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि अब तक पूर्व सैनिक का दर्जा मुख्य रूप से थल सेना, नौसेना एवं वायु सेना से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था, लेकिन केंद्र सरकार के निर्णय के बाद अब मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मियों को भी पूर्व सैनिक की श्रेणी में शामिल किया गया है।
उपनिदेशक ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के पास जिले में निवास कर रहे एमएनएस से सेवानिवृत्त कर्मियों का ब्यौरा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में जो भी मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मी जिले में रह रहे हैं, वे शीघ्र जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना में संपर्क कर अपना नाम दर्ज करवाएं और पूर्व सैनिक पहचान पत्र प्राप्त करें। इससे वे पूर्व सैनिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं एवं अन्य लाभों का लाभ उठा सकेंगे।
=========================================
बिलासपुर में 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
मोटर वाहन चालानों सहित विभिन्न मामलों का होगा आपसी समझौते से त्वरित निपटारा

बिलासपुर, 06 मई: जिला बिलासपुर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर प्रतीक गुप्ता ने दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर बिलासपुर, घुमारवीं तथा झंडुता न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इस लोक अदालत के माध्यम से पूर्व मुकदमेबाजी के मामलों के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित वादों का भी आपसी समझौते के आधार पर त्वरित एवं सरल निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत में बैंक से संबंधित विवाद, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी के बिलों से जुड़े मामले, वैवाहिक विवाद सहित अन्य सुलह योग्य मामलों को लिया जाएगा। जिन व्यक्तियों के उपरोक्त श्रेणियों में मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे अपने प्रकरण को लोक अदालत में सूचीबद्ध करवा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, जिन व्यक्तियों का मामला वर्तमान में किसी न्यायालय में विचाराधीन नहीं है, यदि वे आपसी सहमति के आधार पर अपने विवाद का समाधान लोक अदालत के माध्यम से कराना चाहते हैं, तो वे भी निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं और शीघ्र निर्णय प्राप्त कर सकते हैं।
मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानों से संबंधित मामलों के निपटारे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ऐसे मामलों को ऑनलाइन माध्यम से ई-पे के जरिए अथवा न्यायालय में उपस्थित होकर लोक अदालत से पूर्व भी निपटाया जा सकता है, जिससे नागरिकों को समय और संसाधनों की बचत होगी।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की निःशुल्क कानूनी सहायता या परामर्श के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 15100 (हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-221452, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-224887 तथा उपमंडलीय विधिक सेवा समिति घुमारवीं के दूरभाष नंबर 01978-254080 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, अपनी समस्या ईमेल के माध्यम से Secy-dlsa-bil-hp@gov.inपर भी भेजी जा सकती है।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के लिए इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर भी आवेदन कर सकते हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-221452 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।

===============================================
08 मई को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में दिव्यांगजनों का होगा चिकित्सा परीक्षण
बिलासपुर, 06 मई: जिला बिलासपुर में दिव्यांगजन को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आगामी 08 मई (शुक्रवार) को शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर आयोजन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने जिला मेडिकल डिसेबिलिटी बोर्ड का गठन किया है।
इस सम्बन्ध में आदेश जारी करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बोर्ड में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं अधिकारियों को नामित किया गया है, जिनमें शिशु रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ तथा क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह शिविर 08 मई को प्रातः 10 बजे से अंतिम लाभार्थी के परीक्षण तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षण का स्थान कक्ष संख्या-203, न्यू ओपीडी कॉम्प्लेक्स, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रहेगा। उन्होंने सभी संबंधित लाभार्थियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथि व समयानुसार शिविर में शामिल होने का आह्वान किया है।
===================================
समाधान समारोह के तहत सर्वोच्च न्यायालय में 21, 22 व 23 अगस्त को लगेंगी विशेष लोक अदालतें

31 मई तक ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन - शिखा लखनपाल

ऊना, 6 मई। भारत की सर्वोच्च न्यायपालिका साझा न्याय और न्याय को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष लोक अदालत का आयोजन कर रही है। यह आयोजन समाधान समारोह 2026 के तहत किया जा रहा है। इसका लक्ष्य देशभर में मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का निपटारा करना है। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव, शिखा लखनपाल ने दी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 21 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ था और 21, 22 तथा 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालतों के साथ समाप्त होगा। इस विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबे समय से लंबित मामलों को दोनों पक्षों की आपसी सहमति और समझौते के जरिए सुलझाना है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी ले सकते हैं भाग
सचिव ने सभी वकीलों, मुकदमेबाजों और संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे अपने विवादों के स्थायी समाधान के लिए इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। पक्षकार अपने मामले के निपटारे के लिए स्वयं अदालत में उपस्थित हो सकते हैं या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन भी जुड़ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदक पक्ष और उनके वकील 31 मई तक गूगल फॉर्म लिंक https://forms.gle/pRWbif6wAPrcgMsZ8 पर भरकर आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, यह लिंक सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट https://www.sci.gov.in पर भी उपलब्ध है।
यहां करें संपर्क
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) इंचार्ज, समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) के फोन नंबर 011-23115652, 011-23116464 और सीआरपी निदेशक सम्पर्क 011-23116465 पर संपर्क किया जा सकता है।
========================================
*शहरी निकाय चुनाव : 18 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए, अब 118 उम्मीदवार मैदान में*
17 मई को 28,281 मतदाता करेंगे मतदान, 283 युवा पहली बार डालेंगे वोट
ऊना, 6 मई. शहरी स्थानीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिला ऊना में नामांकन-पत्र वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन 18 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिसके बाद अब जिले के छह शहरी निकायों में कुल 118 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि जिला ऊना की नगर पंचायत गगरेट, अंब, टाहलीवाल, दौलतपुर चौक तथा नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा और संतोषगढ़ में 17 मई को मतदान होगा, जबकि 31 मई को मतगणना की जाएगी। इन निकायों में कुल 28,281 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 14,197 पुरुष और 14,094 महिला मतदाता शामिल हैं। खास बात यह है कि 283 युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे, जबकि एक थर्ड जेंडर मतदाता भी मतदान प्रक्रिया में भागीदारी निभाएगा।
उन्होंने बताया कि चुनावों के सफल संचालन के लिए जिले में 48 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन के पास कुल 108 ईवीएम उपलब्ध हैं। इनमें हाल ही में प्राप्त 60 नई ईवीएम तथा पूर्व से उपलब्ध 48 मशीनें शामिल हैं। निर्धारित संख्या में मशीनों का उपयोग मतदान केंद्रों पर किया जाएगा, जबकि शेष को रिजर्व रखा जाएगा ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान नगर पंचायत मैहतपुर-बसदेहड़ा से सर्वाधिक 8, नगर परिषद संतोषगढ़ और नगर पंचायत अंब से एक-एक, नगर पंचायत टाहलीवाल तथा नगर पंचायत गगरेट से तीन-तीन और नगर पंचायत दौलतपुर चौक से दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए।
नगर पंचायत मैहतपुर-बसदेहड़ा से सर्वाधिक 8 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। इनमें वार्ड नम्बर-8 से हरदीप सिंह, राकेश कुमार और बलराम कुमार, वार्ड नम्बर-2 से कमलेश, वार्ड नम्बर-5 से बलविंद्र सिंह और मक्खन सिंह, वार्ड नम्बर-6 से अंजना कुमारी और वार्ड 7 से सतनाम कौर शामिल हैं।
नगर परिषद संतोषगढ़ के वार्ड नम्बर-4 से प्रवीन प्रभाकर ने नामांकन वापस लिया। नगर पंचायत अम्ब के वार्ड नम्बर-2 से नीलम देवी ने अपना नाम वापस लिया।
नगर पंचायत टाहलीवाल से 3 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए, जिनमें वार्ड नम्बर-1 से सुषमा कुमारी, वार्ड नम्बर-3 से सुनीता कुमारी तथा वार्ड नम्बर-5 से रजनी देवी शामिल हैं।
इसी प्रकार, नगर पंचायत गगरेट से भी 3 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया, जिनमें वार्ड नम्बर-5 से कांता देवी, वार्ड नम्बर-1 से सज्जन शर्मा तथा कुसुम लता शामिल हैं।
वहीं, नगर पंचायत दौलतपुर चौक से 2 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए, जिनमें वार्ड नम्बर-6 से अनामिका तथा वार्ड नम्बर-3 से सुषमा रानी शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही उपायुक्त कार्यालय परिसर में निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग कक्ष भी स्थापित किया गया है।