नवगठित, विभाजन में सम्मिलित ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशित
13 अप्रैल तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं दावे या आक्षेप
चंबा, अप्रैल 6-उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला चंबा के अंतर्गत विकासखंड मैहला, चंबा, भटियात तथा सलूणी की पुनर्गठित, नवगठित एवं विभाजन में सम्मिलित विभिन्न ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशित कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विकासखंड मैहला के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुनारा, बाट, सराहन, राड़ी, किलोड़, तागी, घलूण, मैहलोक, भटवाड़ा, कलमला तथा विकासखंड चम्बा की ग्राम पंचायत उदयपुर, भनोता, सरू, चनेड तथा विकासखंड भटियात के अंतर्गत समोट, ओसल, जसूर, देवी-देहरा तथा विकासखंड सलूणी की ग्राम पंचायत
सनूह, भांदल, भसूआ, संघणी के प्रारूप जनसाधारण की जानकारी के लिए प्रकाशित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त निर्वाचक नामावली की प्रतियां उपायुक्त कार्यालय, संबंधित ग्राम पंचायत के कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध हैं।
मुकेश रेपसवाल ने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित किए जाने के लिए दावा या किसी नाम के सम्मिलित किए जाने संबंधी आक्षेप या प्रविष्टियों के संबंध में आक्षेप को लेकर कोई दावा या आपत्ति प्रस्तुत करनी हो तो निर्धारित प्रपत्र 2, 3 एवं 4 में 13 अप्रैल 2026 तक या उससे पूर्व प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रपत्र ग्राम पंचायत तथा खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में निशुल्क उपलब्ध होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी दावे एवं आपत्तियां पुनरीक्षण प्राधिकारी एवं संबंधित खंड विकास अधिकारी को संबोधित की जानी चाहिए। इनका प्रस्तुतिकरण व्यक्तिगत रूप से अथवा अभिकर्ता के माध्यम से किया जा सकता है या पंजीकृत डाक द्वारा भी भेजा जा सकता है ।
उपायुक्त ने बताया कि पुननिरीक्षण अधिकारी द्वारा दावों और आपत्तियों पर निर्णय लेने की अवधि 17 अप्रैल तक रहेगी। अपीलिय प्राधिकारी के समक्ष 24 अप्रैल तक अपील दायर की जा सकेगी । इसी तरह अपीलीय अधिकारी द्वारा अपीलों पर निर्णय लेने की अवधि 27 अप्रैल तक होगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 अप्रैल या उससे पहले किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर लें और यदि आवश्यक हो तो समय रहते अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करें।
======================================
ऐतिहासिक चम्बा चौगान में मनाया जाएगा जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह
चम्बा, 6 अप्रैल-हिमाचल दिवस (15 अप्रैल) के उपलक्षय में जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक का आयोजन आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल कि अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हिमाचल दिवस समारोह का आयोजन ऐतिहासिक चम्बा चौगान में किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि 15 अप्रैल को प्रातः 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चम्बा, डाइट तथा स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस बल के जवान एवं विद्यालयों के एनसीसी कैडेट परेड में भाग लेंगे।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करना सुनिश्चित बनाएं। उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडलाधिकारी (ना) चम्बा प्रियांशु खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।