--नशा निवारण जागरूकता: शैक्षणिक संस्थानों पर रहेगा विशेष फोक्स: एडीसी
प्रहरी क्लबों के माध्यम से युवाओं को किया जाएगा जागरूक
धर्मशाला, 31 मार्च। कांगड़ा जिला में सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं को जागरूक करने पर विशेष फोक्स किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने को राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एनकॉर्ड) के जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में नशा निवरण के लिए गठित प्रहरी क्लबों के माध्यम से नशा निवारण को लेकर विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे इसके साथ ही महाविद्यालयों में रेड रिबन क्लबों को नशा निवारण अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा, तकनीकी संस्थानों में भी युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष प्लान तैयार किया जाएगा ताकि कांगड़ा जिला को नशा मुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी स्कूल अपने परिसरों और आसपास यदि किसी नशा संबंधित गतिविधि का संज्ञान लें तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों बारे में जागरूक करने के लिए नियमित वर्कशॉप आयोजित की जाएं।
उन्होंने कहा कि जिला में चल रहे सभी नशा मुक्ति तथा पुनर्वास केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा इसकी रिपोर्ट भी प्रेषित की जाए ताकि मापदंडों की अनुपालना नहीं करने वाले नशा मुक्ति तथा पुनर्वास केंद्रों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की सभी पंचायतों में नशा मुक्ति जागरूकता संबंधी होर्डिंग्स लगाए जाएं, ताकि ग्रामीण स्तर पर भी लोग नशे से होने वाले नुकसान से अवगत हो सकें।
इस अवसर पर सीएमओ डा विवेक करोल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर सहित शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी तथा अन्य गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा हितधारक उपस्थित रहे।