*अग्निवीर भर्ती रैली में आज 278 युवाओं ने भाग लिया, 200 उत्तीर्ण*
*मंडी, 28 मार्च।* सेना भर्ती कार्यालय मंडी द्वारा मुख्यालय भर्ती जोन अंबाला के अंतर्गत पण्डोह में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह और देश सेवा का जज्बा देखने को मिला।
आज शनिवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस अवसर पर सेना के अधिकारियों से संवाद किया और भर्ती प्रक्रिया को लेकर विविध जानकारी भी प्राप्त की।
आज अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर के लिए मंडी, कुल्लू एवं लाहौल-स्पिति जिला के कुल 278 युवाओं ने भाग लिया। इनमें से 1.6 कि.मी. की दौड़ में 200 युवा पास घोषित किए गए।
भर्ती निदेशक कर्नल गौत्तम निशांत ने बताया कि भर्ती पूरी तरह से निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ संचालित की गई। इस भर्ती रैली के लिए मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पिति जिला के कुल 2959 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। जिनमें से 2436 अभ्यर्थी रैली में शामिल हुए। आज शारीरिक फिटनेस टेस्ट एवं शारीरिक माप टेस्ट का अंतिम दिन था। इन परीक्षण को पास करते हुए 1684 अभ्यर्थी ही अंतिम मेडिकल के लिए योग्य पाए गए।
==========================================
आपदा व आपात स्थितियों में वैकल्पिक संचार प्रणाली को सशक्त बनाने हेतु 6 दिवसीय एमेच्योर एवं कम्युनिटी रेडियो प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
उपायुक्त ने प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र किये वितरित, हैम रेडियो को हॉबी के रूप में अपनाने का किया आह्वान
आपदा की स्थिति में हैम रेडियो विश्वसनीय एवं प्रभावी संचार माध्यम बन सकता है – अपूर्व देवगन
मंडी, 28 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के समन्वय से हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग के राज्य प्रशिक्षण केंद्र, डांगसीधार (मंडी) में 23 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित 6 दिवसीय एमेच्योर एवं कम्युनिटी रेडियो (हैम) प्रशिक्षण कार्यक्रम आज संपन्न हो गया ।
समापन अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा कि आपदा की स्थिति में संचार व्यवस्था बाधित होना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे समय में हैम रेडियो विश्वसनीय एवं प्रभावी संचार माध्यम के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने में सहायक होते हैं।
उपायुक्त ने प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र वितरित किए तथा कहा कि यदि इसे हॉबी के रूप में अपनाया जाए तो इसमें बेहतर दक्षता हासिल की जा सकती है और आपदा के समय प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्रोत व्यक्ति केंद्रीय संचार मंत्रालय के सेवानिवृत्त डीडीजी वी.के. आर्य तथा दिल्ली हैम रेडियो संस्थान की सचिव कुसुम ने प्रतिभागियों को एमेच्योर रेडियो संचालन, संचार तकनीक तथा आपदा के समय वैकल्पिक संचार व्यवस्था स्थापित करने संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
================================
*अंतर-पीढ़ी जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय विस्तृत कार्यशाला आयोजित*
*मंडी, 28 मार्च।* वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद मंडी के सभागार में आज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में अंतर-पीढ़ी जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय विस्तृत कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के बीच आपसी संवाद, समन्वय एवं पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा देना तथा उन्हें सामाजिक, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं वित्तीय विषयों पर जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में लगभग 120–130 प्रतिभागियों (वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं) की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक अवस्थी, राज्य अध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद द्वारा की गई, जिन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव एवं युवाओं की ऊर्जा के समन्वय को समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया तथा ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत टॉक एवं एक्सचेंज सत्र आयोजित किया गया, जिसमें दोनों पीढ़ियों के बीच विचारों एवं अनुभवों का खुला आदान-प्रदान हुआ। इसके अतिरिक्त काव्य पाठ सत्र में प्रतिभागियों ने जीवन के विभिन्न पहलुओं जैसे संवेदनाएं, अनुभव, संघर्ष एवं आशाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम में एक सकारात्मक एवं भावनात्मक वातावरण का निर्माण हुआ।
इस अवसर पर एएसपी अभिमन्यु वर्मा द्वारा साइबर अपराधों से बचाव पर विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने की धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी एवं लिंक आधारित साइबर अपराधों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही उन्होंने सुरक्षित पासवर्ड बनाने, अनजान कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. विक्रांत ठाकुर ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग, प्राणायाम एवं स्वस्थ आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास, संतुलित दिनचर्या एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर वृद्धावस्था में भी स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन व्यतीत किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने दैनिक जीवन में सरल व्यायाम एवं पौष्टिक आहार को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
सुनील कुमार, प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा डिजिटल बैंकिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई। उन्होंने एटीएम, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग एवं इंटरनेट बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताते हुए वरिष्ठ नागरिकों को स्वयं निर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया तथा ऑनलाइन लेन-देन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान रणपत राणा एवं तेज सिंह गुप्ता द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी विशिष्ट अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
तहसील कल्याण अधिकारी, सदर चन्दन गुलेरिया ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के बीच अंतर-पीढ़ी समन्वय को सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में पारिवारिक मूल्यों, आपसी सम्मान एवं सहयोग की भावना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
======================================
*पंजाब के गगन बने हिमाचल केसरी, सुंदरनगर के सिद्धार्थ राव रहे उप-विजेता*
*गोकुल बुटेल ने कुश्ती विजेताओं को किया सम्मानित*
*परम्परागत शोभा यात्रा के साथ सुंदरनगर का राज्य स्तरीय नलवाड़ किसान मेला संपन्न*
सुंदरनगर, 28 मार्च 2026-सुंदरनगर का सात दिवसीय राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला 2026 परम्परागत शोभा यात्रा के साथ शनिवार को सम्पन्न हो गया।
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल ने 22 मार्च से आरम्भ हुए इस मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और शोभा यात्रा में भाग लिया। समापन अवसर पर उनकी अगुवाई में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सुंदरनगर से नागौण स्टेडियम तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। उन्होंने नागौण स्टेडियम में आयोजित कुश्ती दंगल के समापन कार्यक्रम में भी भाग लेकर विजेताओं को पुरस्कृत किया।
गोकुल बुटेल ने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनता को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय नलवाड़ किसान मेला न केवल हिमाचल, बल्कि पूरे उत्तर भारत का एक प्राचीन और ऐतिहासिक मेला है, जिसे परंपरागत रूप से उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है। यह मेला हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा का प्रतीक होने के साथ-साथ उत्तरी भारत के प्रमुख मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि नलवाड़ मेला प्राचीन समय से ही पशुओं के क्रय-विक्रय के लिए प्रसिद्ध रहा है।
उन्होंने मेले की “नशा मुक्त सुंदरनगर” थीम की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, इसलिए उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। युवाओं को शिक्षा, खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना हम सभी का दायित्व है, ताकि समाज के सामूहिक प्रयासों से नशा मुक्त वातावरण तैयार किया जा सके और एक स्वस्थ व सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
उन्होंने कहा कि कुश्ती प्रतियोगिता में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी हमारी प्राचीन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है और खेलों के प्रति जागरूक है। युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। फोरलेन मार्ग के विकसित होने से पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रोजगार के लिए खेती-बाड़ी को न छोड़ें, बल्कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को समृद्ध बनाएं। कृषि एवं उद्यान विभाग से जानकारी लेकर किसान उन्नत किस्मों के फलदार पौधों की खेती कर आय बढ़ा सकते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कुश्ती कमेटी द्वारा नागौण स्टेडियम में सीढ़ियां बनाने की मांग को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
समापन समारोह में जिला मंडी कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा चंपा ठाकुर, एपीएमसी निदेशक मंडल के सदस्य निकुराम सैनी, मिल्क फेडरेशन निदेशक मंडल के सदस्य केवल शर्मा, प्रधान मंदिर कमेटी श्री मूल महूनाग रमेश कपूर, ब्रह्म दास चौहान, मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी भारत भूषण, कुश्ती कमेटी के अध्यक्ष एवं तहसीलदार अंकित शर्मा, डीएफओ राकेश कटोच, बीडीओ नियोन शर्मा, कुश्ती कमेटी के उपाध्यक्ष राम सिंह राव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
*पंजाब के गगन ने जीता हिमाचल केसरी का खिताब*
राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल केसरी का खिताब पंजाब के गगन ने अपने नाम किया, जबकि सुंदरनगर के सिद्धार्थ राव उप-विजेता रहे। विजेता और उप-विजेता को क्रमशः 51 हजार रुपये व गुर्ज तथा 41 हजार रुपये व बर्तन प्रदान कर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
हिमाचल कुमार अंडर-21 वर्ग में पधर के रजत विजेता रहे, जबकि ध्वाल सुंदरनगर के धीरज उप-विजेता रहे। इन्हें क्रमशः 25 हजार रुपये व गुर्ज तथा 21 हजार रुपये व बर्तन प्रदान किए गए।
सुकेत कुमार अंडर-17 प्रतियोगिता में सुंदरनगर के सौर्यवीर यादव विजेता रहे और पधर के दिवेश कुमार यादव उप-विजेता रहे। इन्हें क्रमशः 19 हजार रुपये व गुर्ज तथा 17 हजार रुपये व बर्तन देकर सम्मानित किया गया।