*लाइसेंसी खनन गतिविधियों की समय-सीमा में संशोधन*
*पुलिस की अनुशंसा पर डीसी जतिन लाल का निर्णय, अवैध खनन पर कड़ी निगरानी के निर्देश*
ऊना, 28 मार्च. जिले में अवैध खनन और अनियंत्रित परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने लाइसेंसी खनन गतिविधियों को लेकर पूर्व में जारी आदेशों में संशोधन करते हुए नए निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय पुलिस विभाग की अनुशंसा पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लिया गया है।
संशोधित आदेशों के अनुसार, शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक खनन से संबंधित सभी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं, खनन, उत्खनन और लोडिंग जैसी गतिविधियां केवल सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे के बीच ही की जा सकेंगी। इसके अतिरिक्त, खनन सामग्री की टिपरों/ट्रकों के माध्यम से ढुलाई की सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक ही अनुमति होगी।
जिला दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया है सभी खनन कार्य केवल वैध परमिट और लाइसेंस के अनुरूप ही किए जाएंगे। आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस विभाग और खनन विभाग संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण करेंगे तथा अवैध खनन और बिना अनुमति परिवहन के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले आदेशों तक प्रभावी रहेगा।
============================================
*बार, क्लब और रेस्टोरेंट अब रात 11 बजे तक खुले रह सकेंगे*
ऊना, 28 मार्च. जिला ऊना में बार, क्लब, पब, आहाते और रेस्टोरेंट के संचालन समय को लेकर पूर्व में जारी आदेशों में संशोधन किया गया है। जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने पुलिस विभाग की अनुशंसा पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत नए निर्देश जारी किए हैं।
संशोधित आदेशों के अनुसार, अब इन सभी लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों को रात 11 बजे तक खुले रहने की अनुमति होगी। पूर्व आदेशों में शराब परोसने वाले इन प्रतिष्ठानों के लिए संचालन समय रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 11 बजे कर दिया गया है।
जिला दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित शर्तों, लाइसेंस प्रावधानों और कानून-व्यवस्था संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा। किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले आदेशों तक प्रभावी रहेगा।
===============================
दाड़ी धुम्मू शाह मेला 08 से 15 अप्रैल तक, भव्य एवं आकर्षक होगा आयोजन: मोहित रत्न
एसडीएम ने धुम्मू शाह मेला-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक की अध्यक्षता की

धर्मशाला, 23 मार्च: उप मंडल अधिकारी (नागरिक) धर्मशाला एवं मेला अधिकारी मोहित रत्न की अध्यक्षता में धुम्मू शाह मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा मेले से संबंधित व्यवस्थाओं, जिम्मेदारियों एवं समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
मोहित रत्न ने बताया कि धुम्मू शाह मेला दाड़ी में 08 से 15 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि धुम्मू शाह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसे भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
मोहित रत्न ने बताया कि मेले के सफल संचालन हेतु विभिन्न 12 उप-समितियों का गठन किया गया है, जिनमें ग्राउंड मैनेजमेंट एवं आवंटन समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, व्यय समिति, मीडिया समन्वय समिति, आतिथ्य समिति, स्थल व्यवस्था समिति, कानून एवं व्यवस्था समिति, स्वच्छता समिति, पुरस्कार वितरण समिति, छिंज आयोजन समिति, मंदिर समिति तथा स्वागत समिति शामिल हैं। सभी समितियों को उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही कानून एवं व्यवस्था समिति को मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त पुरस्कार छिंज आयोजन समिति को पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन तथा मंदिर समिति को धार्मिक अनुष्ठानों एवं पूजा-अर्चना की व्यवस्थाओं की देखरेख करने के निर्देश दिए गए हैं। मोहित रत्न ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान अंतिम दो दिनों में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा तथा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ मेले को व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान स्वयं सहायता समूहों को भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करने एवं बिक्री करने के लिए स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने सभी अधिकारियों से व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) भानु प्रताप सिंह, जिला भाषा अधिकारी अमित गुलेरी, एसएचओ नारायण सिंह, तहसीलदार गिरिराज ठाकुर, फायर ऑफिसर राजेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
=============================
लकी ड्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम खेल और स्वास्थ्य जांच, रेडक्रॉस मेला 7 अप्रैल को

धर्मशाला, 28 मार्च: जिला रेडक्राॅस सोसायटी कांगड़ा द्वारा 7 अप्रैल 2026 को पुलिस ग्राउंड, धर्मशाला में प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक भव्य रेडक्राॅस मेले का आयोजन किया जाएगा। सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि यह मेला स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

उन्होंने बताया कि मेले में स्वास्थ्य विभाग हिमाचल प्रदेश और आयुष विभाग के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सामान्य रोगों की जांच, परामर्श, दवाइयों का वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी साथ ही बेबी शो का आयोजन भी किया जाएगा।
मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ज्ञानवर्धक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। किसानों के लिए विशेष जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे, वहीं बच्चों और युवाओं के लिए रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर तथा अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मेले में खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जबकि महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और स्थानीय व्यंजन भी उपलब्ध रहेंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों और महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा। इच्छुक व्यक्ति अपने स्टॉल लगाने हेतु रेडक्रॉस कार्यालय धर्मशाला में संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और रेडक्रॉस की गतिविधियों से संबंधित लेख, संदेश और विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति इसमें सहयोग के लिए कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01892-224888 तथा मोबाइल नंबर 94188-32244 पर संपर्क किया जा सकता है। मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए लकी ड्रा का भी आयोजन किया जाएगा। लकी ड्रा में प्रथम पुरस्कार मोटरसाइकिल, द्वितीय पुरस्कार लैपटॉप, तृतीय पुरस्कार एलईडी टीवी के साथ-साथ रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव ओवन, वाटर प्यूरीफायर, सीलिंग फैन तथा अन्य सांत्वना पुरस्कार भी शामिल होंगे।

=================================
10 अप्रैल तक करवा सकते हैं परिवार रजिस्ट्रेशन: जफ़र इकबाल
धर्मशाला, 28 मार्च: धर्मशाला नगर निगम के आयुक्त जफ़र इकबाल ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला नगर निगम सभीर वार्डों में परिवार रजिस्टर सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है, और इस कार्य के लिए विभिन्न वार्डो में कैम्प का आयोजन भी किया गया था, परन्तु अब भी जो परिवार रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाए है, उनके लिए अंतिम बार 10 अप्रैल तक का समय दिया गया है। ऐसे परिवार परिवार रजिस्ट्रेशन के लिए 1 से 10 वार्ड के लिए गठित टीम के इंचार्ज आकाश चौधरी के मोबाईल नंबर 9805843438 पर तथा 11 से 17 वार्ड के इंचार्ज अंकेश के मोबाईल नंबर 7807318965 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार रजिस्ट्रेशन के लिए पहचान पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, परिवार के सदस्यों का विवरण अवश्य दें ताकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके।
==================================
आंगनवाड़ी-कम-पालना केन्द्रों में क्रेच सहायिका के पदों हेतु आवेदन आमंत्रित
दरमाना-2 तथा ढांगू केन्द्रों में भरा जाएगा एक-एक पद

मंडी, 28 मार्च। बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी सदर द्वारा आंगनवाड़ी-कम-पालना केन्द्रों में क्रेच सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र के अनुसार अपने आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित 17 अप्रैल 2026 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। साक्षात्कार की तिथि बाद में सूचित की जाएगी।

यह जानकारी देते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी सदर जितेन्द्र सैनी ने बताया कि यह पद नगर निगम मंडी के दरयाना-2 आंगनबाड़ी केन्द्र तथा नगर परिषद नेरचौक के ढांगू वार्ड नंबर-2 आंगनबाड़ी केन्द्र में क्रेच सहायिका के पद भरे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी तथा उनकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी केन्द्र के क्षेत्र की निवासी होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। क्रेच सहायिका पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है तथा हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, सामाजिक श्रेणी तथा अन्य निर्धारित मानदंडों के आधार पर अंक प्रदान किए जाएंगे। साक्षात्कार के लिए अधिकतम 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र के साथ आवश्यक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न कर निर्धारित तिथि तक कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। साक्षात्कार का आयोजन संबंधित उपमंडल अधिकारी कार्यालय में किया जाएगा, जिसकी तिथि अलग से सूचित की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

================================================

आंगनवाड़ी-कम-पालना केन्द्रों में क्रेच सहायिका के पदों हेतु आवेदन आमंत्रित
दरम्याना-2 तथा ढांगू केन्द्रों में भरा जाएगा एक-एक पद


मंडी, 28 मार्च। बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी सदर द्वारा आंगनवाड़ी-कम-पालना केन्द्रों में क्रेच सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र के अनुसार अपने आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित 17 अप्रैल 2026 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। साक्षात्कार की तिथि बाद में सूचित की जाएगी।

यह जानकारी देते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी सदर जितेन्द्र सैनी ने बताया कि यह पद नगर निगम मंडी के दरम्याना-2 आंगनबाड़ी केन्द्र तथा नगर परिषद नेरचौक के ढांगू वार्ड नंबर-2 आंगनबाड़ी केन्द्र में क्रेच सहायिका के पद भरे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी तथा उनकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी केन्द्र के वार्ड की निवासी होनी चाहिए तथा परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। क्रेच सहायिका पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है तथा हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, सामाजिक श्रेणी तथा अन्य निर्धारित मानदंडों के आधार पर अंक प्रदान किए जाएंगे। साक्षात्कार के लिए अधिकतम 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र के साथ आवश्यक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न कर निर्धारित तिथि तक कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। साक्षात्कार का आयोजन संबंधित उपमंडल अधिकारी कार्यालय में किया जाएगा, जिसकी तिथि अलग से सूचित की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
==========================================