खाली एवं अनुपयोगी सरकारी भवनों की जानकारी तुरंत भेजें
अन्य विभागों को आवंटित करके इन भवनों का किया जाएगा सदुपयोग : गंधर्वा राठौड़
हमीरपुर 27 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों एवं उपक्रमों के खाली पड़े एवं अनुपयोगी भवनों की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करें, ताकि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार इन भवनों का सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जिले में खाली एवं अनुपयोगी सरकारी भवनों और परिसंपत्तियों की ताजा स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को हमीर भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इन भवनों एवं परिसंपत्तियों के सदुपयोग के प्रति प्रदेश सरकार बहुत गंभीर है और इसके लिए मंत्रिमंडलीय उप-समिति का गठन भी किया गया है। इस उप-समिति ने सभी जिलों, विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों से रिपोर्ट तलब की है। इसलिए, सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लें और तुरंत रिपोर्ट प्रेषित करें।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे हाल ही में बंद या मर्ज किए गए स्कूलों के भवनों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम हमीरपुर या अन्य शहरी निकायों में शामिल की गई ग्राम पंचायतों के कार्यालय भवनों, अन्य सामुदायिक भवनों एवं परिसंपत्तियों की रिपोर्ट भी भेजें। इन भवनों और परिसंपत्तियों को अन्य विभागों को सौंपकर इनका सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।
बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग ने विभिन्न विभागों से प्राप्त रिपोर्टों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, नगर निगम हमीरपुर के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
=============================================
नगर परिषद नादौन में भी महिला आरक्षण 30 को होगा तय
हमीरपुर 27 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि नगर परिषद नादौन के विभिन्न वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित करने की प्रक्रिया भी 30 मार्च को बचत भवन हमीरपुर में पूर्ण की जाएगी। वार्डों का आरक्षण ड्रॉ के माध्यम से तय किया जाएगा।
उपायुक्त ने इस ड्रॉ की प्रक्रिया को पूर्ण करवाने के लिए अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की नियुक्तियां कर दी हैं। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए एडीसी हमीरपुर, एसडीएम हमीरपुर और जिला राजस्व अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों के अलावा प्रबुद्ध नागरिकों में शम्मी सोनी, कमल कुमार और योगराज को मनोनीत किया गया है।
=============================================
नगर परिषद नादौन के वार्डों का परिसीमन अंतिम रूप से प्रकाशित
हमीरपुर 27 मार्च। नगर परिषद नादौन के सभी 9 वार्डों के परिसीमन को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन वार्डों के परिसीमन के प्रारूप पर स्थानीय निवासियों से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे और निर्धारित अवधि के भीतर इनका निपटारा भी कर दिया गया था। लेकिन, इनसे संबंधित एक निर्णय के खिलाफ मंडी के मंडल आयुक्त के समक्ष अपील की गई थी।
उपायुक्त ने बताया कि मंडल आयुक्त द्वारा इस अपील के निपटारे के बाद नगर परिषद नादौन के सभी 9 वार्डों के परिसीमन को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है। सभी वार्डों के नाम इस प्रकार हैं: वार्ड नंबर 1-ध्यानू भगत समाधि, 2-पत्तन बाजार, 3-दूरभाष केंद्र एवं डाकघर मुहल्ला, 4-इंद्रपाल बस स्टैंड, 5-इंडोर स्टेडियम, 6-बाबा बालक नाथ मंदिर, 7-गुग्गा मंदिर, 8-अमतर स्टेडियम और 9-बेला।