रायपुर सहोडाँ स्थित आईओसीएल बॉटलिंग प्लांट में 11 मार्च को होगा मॉक अभ्यास
मॉक अभ्यास के सफल आयोजन को लेकर एडीसी की अध्यक्षता में आयोजित हुई टेबल टॉप एक्सरसाइज



ऊना, 10 मार्च। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) बॉटलिंग प्लांट, रायपुर सहोडाँ, मैहतपुर में 11 मार्च (बुधवार) को औद्योगिक आपदा से संबंधित मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक अभ्यास जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना द्वारा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 14वीं बटालियन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

यह जानकारी ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष एवं अतिरिक उपायुक्त (एडीसी) ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने इस मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन को लेकर आयोजित हुई टेबल टॉप एक्सरसाइज में दी। इस दौरान सभी विभागों के साथ मॉक अभ्यास की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में एनडीआरएफ टीम, अग्निशमन विभाग, होमगार्ड, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

एडीसी ने बताया कि इस मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जिले में औद्योगिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा करना, विभिन्न विभागों की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और मानक संचालन प्रक्रियाओं का परीक्षण करना है। इसके साथ ही पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, होमगार्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। मॉक अभ्यास के दौरान प्लांट क्षेत्र में सायरन अथवा हूटर बजने की संभावना हो सकती है, जो केवल सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की जांच के उद्देश्य से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से पूर्व निर्धारित अभ्यास है।
===============================================
गेहूं खरीद के लिए मजदूरी और ढुलाई कार्य हेतू निविदाएं 23 तक आमंत्रित
ऊना, 10 मार्च। जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ऊना राजीव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के गेहूं खरीद केंद्रों से जिला के विभिन्न स्थानों में ढुलाई कार्य तथा चयनित मंडियों टकारला व रामपुर में गेहूं खरीद के लिए मजदूरी कार्य हेतू निविदाएं 23 मार्च तक ऑनलाइन आमंत्रित की गई हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति निविदाएं ऑनलाईन पोर्टल http://hptender.gov.in पर 23 मार्च सायं 5 बजे तक अपलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त निविदाएं 24 मार्च को दोपहर 12 बजे खोली जाएंगी। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय में के दूरभाष नम्बर 01975-226016 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
====================================================
राजस्व एवं बागवानी मंत्री 13-14 मार्च को ऊना दौरे पर, मशरूम यूनिट व एचपी शिवा क्लस्टर का करेंगे निरीक्षण

ऊना, 10 मार्च. राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी 13 और 14 मार्च को ऊना जिले के दौरे पर रहेंगे। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।
उन्होंने बताया कि जगत सिंह नेगी 13 मार्च सायं ऊना पहुंचेंगे तथा उनका रात्रि विश्राम सर्किट हाउस ऊना में रहेगा।
श्री नेगी अपने प्रवास के दौरान 14 मार्च को ऊना और बंगाणा उपमंडलों में पीसीडीओ तथा एचपी शिवा क्लस्टर इकाइयों का दौरा करेंगे। इसके अंतर्गत वे ऊना में एक प्रगतिशील किसान की मशरूम यूनिट का दौरा कर उत्पादन गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त फ्रंट लाइन डेमोनस्ट्रेशन (एफएलडी) कठोह तथा एचपी शिवा क्लस्टर, सिरथ का भी दौरा करेंगे। उनका सायं 3 बजे शिमला प्रस्थान का कार्यक्रम है।
-