शाहपुर, 23 फरवरी-शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकण्डी में विभिन्न सड़कों एवं पुलों के निर्माण और सुधारीकरण पर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 50 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज भलेड़ पंचायत में 24 लाख रुपये की लागत से बने स्वास्थ्य उपकेंद्र भलेड़ के उद्घाटन तथा राजकीय उच्च विद्यालय भलेड़ में 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन के शिलान्यास अवसर पर दी।

उन्होंने बताया कि जलशक्ति विभाग द्वारा पंचायत में सुचारू एवं निर्बाध पेयजल सुविधा के लिए लगभग 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त धारकण्डी क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था के सुधार हेतु लगभग 5 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिससे कम वोल्टेज की समस्या से राहत मिली है और लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि दरीणी में अत्याधुनिक तहसील भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए 57 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। शेष राशि भी समयानुसार जारी कर दी जाएगी।

उपमुख्य सचेतक ने भलेड़ निवासी सचिन, जिनके माता-पिता नहीं हैं, को मुख्यमंत्री सुखआश्रय योजना के तहत हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने भलेड़ महिला मंडल को 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। इससे पूर्व उन्होंने तल माता मंदिर के चरण पातका में निर्माणाधीन गेट का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल की मुख्याध्यापिका बी.के. गुरुंग ने उपमुख्य सचेतक एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। भलेड़ के पूर्व प्रधान निर्मल सिंह ने पंचायत में हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया, जबकि एसएमसी प्रधान पूजा देवी ने अतिरिक्त भवन के शिलान्यास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं स्कूल भवन के लिए भूमि दान देने वाले जोंडा राम, रंजीत हेमराज और हरनाम को उपमुख्य सचेतक ने टोपी पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, अधीक्षण अभियंता नेशनल हाईवे मनीष सहगल, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, बीएसएनएल के अधिशासी अभियंता सतपाल सैनी, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता विद्युत विक्रम शर्मा, प्रधानाचार्य दरीणी नरेंद्र शर्मा, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय एवं नवनीत शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य रितिका शर्मा, पूर्व प्रधान पवन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।

=========================================