लोगों में डिजिटल जागरूकता जरुरी : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
उपायुक्त ने डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी अभियान को दिखाई हरी झंडी
चम्बा, 23 फरवरी-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज जिला प्रशासन एवं सेवा हिमालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी” अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं डिजिटल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए बताया कि लोगों में डिजिटल जागरूकता महत्वपूर्ण है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के दूर-दराज़ क्षेत्रों तक डिजिटल साक्षरता एवं वित्तीय जागरूकता को पहुंचाना है ताकि आमजन आधुनिक तकनीक का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग कर सकें। उपायुक्त ने कहा कि आज के समय में डिजिटल शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान के माध्यम से जिला भर के लोगों को डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग, सोशल मीडिया, साइबर सुरक्षा, बैंकिंग सेवाओं की जानकारी तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा डिजिटल वैन के साथ गांव-गांव जाकर लोगों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग कर सकें।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर डिजिटल शिक्षा प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
अभियान में सेवा हिमालय, पहाड़, होम एसोसिएशन, रोजीटेक व इरा सहित विभिन्न संस्थाएं योगदान देंगी।
इस अवसर पर सचिव हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मनुज शर्मा सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे।
=====================================
एफसीए के अंतर्गत लंबित मामलों का समयबद्ध रूप से किया जाए निपटारा–उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एफसीए मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित
चंबा, 23 फरवरी-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के अंतर्गत लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकासात्मक परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।
उपायुक्त आज एफसीए के अंतर्गत उपमंडल डलहौज़ी एवं भरमौर में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं से संबंधित अनुमति मामलों की प्रगति की समीक्षा हेतु आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में उन्होंने वन मंडल अधिकारी, भरमौर एवं डलहौज़ी को निर्देश दिए कि एफसीए मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए प्रभावी और समन्वित कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने अंतर-विभागीय समन्वय पर बल देते हुए विभिन्न चरणों में आने वाली आपत्तियों के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए। साथ ही, उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह तथा अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी उपस्थित रहे।
=========================================
आकांक्षी जिला,आकांक्षी खंड पांगी व तीसा और संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
चम्बा, 23 फरवरी-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के कॉन्फ्रेंस कक्ष में आकांक्षी जिला कार्यक्रम, आकांक्षी खंड तीसा व पांगी तथा संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न विभागीय संकेतकों की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशुओं के एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण प्रतिशत की समीक्षा करते हुए अधिकतम पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित कर लक्ष्य की शीघ्र प्राप्ति के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के अंतर्गत आकांक्षी खंड तीसा व पांगी में पर्याप्त बालिका शौचालय सुविधा युक्त विद्यालयों के प्रतिशत संकेतक की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सतत रूप से शत-प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त करने को कहा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के संकेतकों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रमुख लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला उपनिदेशक, उद्यान विभाग को सूक्ष्म सिंचाई योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों में और तेजी लाने को कहा, ताकि पूर्ण संतृप्ति प्राप्त की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आकांक्षी खंडों में मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) जांच अभियान में गति लाने के निर्देश दिए। वहीं, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक को फसल बीमा योजना, मुद्रा लोन तथा जीवन ज्योति बीमा योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रयास तेज करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम, आकांक्षी खंड कार्यक्रम तीसा व पांगी तथा संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत निर्धारित अधिकांश प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में संतृप्ति प्राप्त की जा चुकी है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज, उपनिदेशक उद्यान प्रमोद शाह कृषि भूपेंद्र सिंह, पशुपालन राकेश भंगलिया, प्रबंधक अग्रणी बैंक डीसी चौहान, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला में बाल विकास कमल किशोर शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी तिलक कुमार व प्रिंसिपल डायट नम्रता शर्मा उपस्थित रहे।