10 मार्च तक बंद रहेंगी बड़सर उपमंडल की दो सड़कें

हमीरपुर 23 फरवरी। बड़सर उपमंडल के अंतर्गत दो सड़कों मलहेड़ा-नैण-रप्पड़ सड़क और बणी-मटकर सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य के चलते इन सड़कों पर यातायात 10 मार्च तक बंद रहेगा।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन दोनों सड़कों की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इन्हें अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त सड़कों पर वाहनों की आवाजाही 10 मार्च तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक मलहेड़ा-नैण-रप्पड़ सड़क के बजाय दरकोटी-झंजियानी सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। इसी प्रकार, बणी-मटकर सड़क के बजाय मैहरे-घोड़ी धबीरी सड़क को वैकल्पिक रूट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

=========================================

विकास खंड हमीरपुर की 38 पंचायतों के वार्डों और बीडीसी के 17 वार्डों के परिसीमन के प्रारूपों पर आपत्तियां या सुझाव 27 तक

हमीरपुर 23 फरवरी। विकास खंड हमीरपुर की पंचायत समिति के 17 वार्डों और इनके अंतर्गत आने वाली 38 ग्राम पंचायतों के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप प्रकाशित कर दिए गए हैं।
इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए एसडीएम हमीरपुर एवं निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संजीत सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों और पंचायत समिति के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप पर अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो या फिर वह अपना कोई सुझाव देना चाहता है तो इन्हें 27 फरवरी तक एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि परिसीमन के प्रारूप के अनुसार विकास खंड हमीरपुर में 38 ग्राम पंचायतें हैं। इन पंचायतों में अमरोह, ब्राहलड़ी, चंगर, धनेड़, धरोग, फरनोहल, जंगल रोपा, ललीण, नाल्टी, नेरी, रोपा, नारा, सेर बलौणी, गसोता, जटेहड़ी, छयोड़ी, अग्घार, नाहलवीं, साहनवीं, ताल, टिक्कर डिडवीं, उखली, चौकी कनकरी, पांडवीं, भगेटू, बफड़ीं, बलोह, चमनेड, डबरेड़ा, काले अंब, लंबलू, पंधेड़, स्वाहल, देई का नौण, कुठेड़ा, मझोग सुल्तानी, टिब्बी और ख्याह लोहाखरियां शामिल हैं। इन 38 ग्राम पंचायतों को पंचायत समिति के 17 वार्डों में बांटा गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पंचायत समिति की कुल जनसंख्या 59,925 है।

=============================================

मस्याणा, बजूरी, दुलेहड़ा में 24 को 2 घंटे बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 23 फरवरी। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत नालटी फीडर की लाइन एवं उपकरणों की आवश्यक मरम्मत के कारण 24 फरवरी को गांव मस्याणा, बजूरी, दुलेहड़ा और साथ लगते अन्य गांवों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

=====================================

आईटीआई के प्रशिक्षुओं को बताई थल सेना की अग्निवीर भर्ती योजना

हमीरपुर 23 फरवरी। भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती योजना की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने के लिए सोमवार को थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने आईटीआई हमीरपुर में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर मेजर हरीश ने आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को सेना में भर्ती की चयन प्रक्रिया, पात्रता, मानदंड एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाआंें की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईटीआई डिप्लोमाधारकों को भर्ती प्रक्रिया में 20 अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। एनसीसी के ए, बी और सी प्रमाण पत्र धारक अभ्यर्थियों को उनके प्रमाण पत्र के अनुसार लिखित प्रतियोगी परीक्षा में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय थल सेना की आधिकारिक वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भारतीय थल सेना की अग्निपथ अग्निवीर योजना के अंतर्गत कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) भर्ती-2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग रखी गई है। सामान्य तौर पर 8वीं, 10वीं या 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। योग्य उम्मीदवार विभिन्न अग्निवीर पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित की गई है। आवेदक की न्यूनतम आयु सीमा एक जुलाई 2026 को साढे सतरह वर्ष से 22 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। यानि एक जुलाई 2005 से एक जुलाई 2009 के बीच जन्में अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने मेजर हरीश और उनकी टीम के अन्य सदस्यों हवलदार प्रदीप तथा विकास का धन्यवाद किया।