बम्म-डिप्पर-हटवाड़ और जोल से डुमेहर सड़क मार्ग 25 मार्च तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 21 फरवरी: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग मण्डल घुमारवीं के अंतर्गत बम्म-डिप्पर-हटवाड़ सड़क मार्ग तथा जोल से डुमेहर सड़क आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी 25 मार्च तक बंद रहेंगे।
उन्होंने जारी आदेश में आगामी 25 मार्च तक जोल की तरफ से आने वाले वाहनों को बाया बरोटा-लदरौर सड़क तथा डुमेहर की तरफ से आने वाले वाहनों को रोहल खड्ड-घंडालवीं सडक मार्ग का उपयोग करने को कहा है।
उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि इन सड़क मार्गों की मरम्मत कार्य के दौरान केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी।

============================================

नलवाड़ी मेला 2026 की शोभा यात्रा की सामग्री आपूर्ति के लिए निविदाएं आमंत्रित
बिलासपुर, 21 फरवरी: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 की शोभा यात्रा के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति से सम्बन्धित एसडीएम सदर, बिलासपुर द्वारा सर्व साधारण एवं स्थानीय कपड़ा विक्रेताओं से निविदाएं आमंत्रित की हैं। इच्छुक विक्रेता निर्धारित सामग्री के नमूने सहित अपनी निविदाएं 6 मार्च 2026 को दोपहर 12ः30 बजे तक एसडीएम कार्यालय में जमा कर सकते हैं। प्राप्त निविदाओं को 7 मार्च 2026 को सायं 3ः30 बजे निविदादाताओं या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जाएगा।
इस बारे जानकारी देते हुए एसडीएम सदर डाॅ. राजदीप सिंह ने बताया कि निविदा के अंतर्गत वी.आई.पी. पगड़ी, साधारण पगड़ी, सफेद व गुलाबी पगड़ी तथा महिला दुपट्टा/स्टॉल की आपूर्ति की जानी है। उन्होंने बताया कि निविदादाताओं को 10 हजार रुपये की धरोहर राशि डिमांड ड्राफ्ट के रूप में जमा करवानी होगी तथा आपूर्ति की जाने वाली सामग्री निर्धारित नमूने के अनुरूप होनी चाहिए। चयनित निविदादाता को 14 मार्च 2026 से पूर्व सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।
एसडीएम ने बताया कि किसी परिस्थिति में निविदा को रद्द करने का अधिकार होगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक विक्रेता निर्धारित तिथि से पूर्व अपनी निविदाएं कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें।

================================================

विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन 28 फरवरी को गवर्नमेंट कॉलेज बिलासपुर में
बिलासपुर, 21 फरवरी: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन 28 फरवरी 2026 को मेरा युवा भारत बिलासपुर द्वारा गवर्नमेंट कॉलेज बिलासपुर में किया जा रहा है। इस बारे जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करने तथा अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का एक अनूठा मंच प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि एक दिवसीय इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपने विचारों को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। चयनित प्रतिभागी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे उन्हें नेतृत्व कौशल और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल (www.mybharat.gov.in) पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं अथवा कार्यक्रम स्थल पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की आयु 18 से 25 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। कार्यक्रम 28 फरवरी को प्रातः 10 बजे से आरम्भ होगा तथा प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए 3 मिनट का समय दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने हेतु प्रोत्साहित करना है। यह युवाओं के लिए अपने कौशल का प्रदर्शन करने और देश के भविष्य को आकार देने में सहभागिता निभाने का उत्कृष्ट अवसर है।

=================================================

24 फरवरी को आयोजित होने वाला ड्राईविंग टेस्ट प्रशासनिक कारणों से रद्द
बिलासपुर 21 फरवरी: जिला पंजीयन एवं अनुज्ञापन प्राधिकरण, सदर बिलासपुर डाॅ. राजदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 24 फरवरी को निर्धारित ड्राईविंग टेस्ट किन्हीं प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आगामी माह का ड्राईविंग टेस्ट कार्यक्रम क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर द्वारा जारी किया जाएगा।