जिला परिषद के 18 वार्डों के परिसीमन के प्रारूप पर आपत्ति या सुझाव आमंत्रित

हमीरपुर 21 फरवरी। जिला परिषद हमीरपुर के कुल 18 वार्डों के परिसीमन का प्रारूप 20 फरवरी को प्रकाशित कर दिया गया है।
इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप पर अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो या फिर वह अपना कोई सुझाव देना चाहता है तो इन्हें प्रारूप के प्रकाशन की तिथि से एक सप्ताह के भीतर संबंधित खंड विकास अधिकारी के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है। परिसीमन के प्रारूप के अनुसार जिला परिषद के 18 वार्डों में कुल 234 ग्राम पंचायतें हैं और वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इन ग्राम पंचायतों की कुल जनसंख्या 3,85,158 है।
==========================================

*गर्ल्स स्कूल में शगुन बनीं मिस फेयरवैल

*इस अवसर पर सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने कहा कि वे अपने-अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रही हैं और यहीं से उनके जीवन की दिशा तय होगी।

हमीरपुर 21 फरवरी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में शनिवार को बारहवीं कक्षा की छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसमें विज्ञान संकाय की छात्रा शगुन को मिस फेयरवैल चुना गया। कला संकाय की अप्शिता को मिस इंटैलिजेंट, कॉमर्स संकाय की प्रियंका को मिस वैल ड्रैस्ड, कला संकाय की दिव्या नेगी को मिस पर्सनैलिटी और विज्ञान संकाय की मन्नत को मिस ब्यूटीफुल चुना गया।
इस अवसर पर सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने कहा कि वे अपने-अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रही हैं और यहीं से उनके जीवन की दिशा तय होगी। इसलिए, सभी छात्राएं मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए अपने लिए सुनहरा भविष्य सुनिश्चित करें। इस दौरान अगर उन्हें किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन या मदद की जरुरत महसूस हो तो बेझिझक अपने स्कूल के शिक्षकों से संपर्क करें। विदाई समारोह में स्कूल के अन्य शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा अपने कई अनुभव भी साझा किए।

==============================================

हमीरपुर शहर के कई क्षेत्रों में 22 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 21 फरवरी। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत लाइनों एवं उपकरणों की आवश्यक मरम्मत के कार्य के चलते 22 फरवरी को अणु कलां, पूल्ड कॉलोनी, पीडब्ल्यूडी ऑफिस एवं कॉलोनी, उपायुक्त कार्यालय, गांधी चौक, अप्पर बाजार, नादौन चौक, बस स्टैंड, प्रताप गली, प्रतापनगर, बराड़ बल्ह, पुलिस स्टेशन और साथ लगते क्षेत्रों में सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने बताया कि अगर 22 फरवरी को मौसम खराब रहा तो मरम्मत का कार्य एक मार्च को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को ही पंजाब नेशनल बैंक दोसड़का से साईं अस्पताल डुग्घा तक और लालड़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर एलटी लाइन के आस-पास पेड़ों की काट-छांट की जाएगी। इसके चलते इन क्षेत्रों में भी सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी।