महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए ‘पंखुड़ी’ नामक वेब पोर्टल शुरू
समाज के जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक भागीदारी के माध्यम से सुनिश्चित होगी बेहतर सहायता
बिलासपुर, 18 फरवरी: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित सरकारी योजनाओं में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा ‘पंखुड़ी’ नामक नया वेब पोर्टल शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह डिजिटल पोर्टल महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगा। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक, स्वयंसेवी संगठन, प्रवासी भारतीय तथा कॉरपोरेट संस्थान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी पहलों से सीधे जुड़कर सहयोग कर सकेंगे, जिससे समाज के जरूरतमंद वर्गों को बेहतर सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि ‘पंखुड़ी’ पोर्टल एक सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और बच्चों के समग्र विकास से जुड़े कार्यक्रमों को एक ही मंच पर उपलब्ध करवाना है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक और संस्थाएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं और संस्थानों से जुड़कर सहयोग कर सकते हैं, जिससे इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। पोर्टल पर ‘सर्च इंस्टीट्यूशन’ की सुविधा भी प्रदान की गई है, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं अपनी पसंद के संस्थान या क्षेत्र का चयन कर सहयोग प्रदान कर सकते हैं। यह पोर्टल मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0, मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य जैसे प्रमुख सरकारी मिशनों को सहयोग प्रदान करेगा तथा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत कॉरपोरेट संस्थानों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, बिलासपुर हरीश मिश्रा ने बताया कि ‘पंखुड़ी’ पोर्टल पूरी तरह पारदर्शी और गैर-मौद्रिक मंच है, जिसमें किसी भी प्रकार का आर्थिक लेनदेन नहीं किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि सहयोग सीधे संबंधित संस्थानों और लाभार्थियों तक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल महिलाओं और बच्चों के कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ेगी और महिला सशक्तिकरण तथा बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को नई गति और दिशा प्राप्त होगी।

========================================

वर्धमान कंपनी बद्दी ने विभिन्न श्रेणियों के अधिसूचित किए 32 पद
24 फरवरी को जिला रोजगार कार्यालय में होगा साक्षात्कार
बिलासपुर, 18 फरवरी: वर्धमान स्पिनिंग मिल्स बद्दी में मशीन ऑपरेटर, फीटर व इलैक्ट्रीशियन के 32 पदों को भरा जा रहा है। इन पदों के लिए 24 फरवरी को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में प्रातः 9ः30 बजे से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा।
इस बारे जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि मशीन ऑपरेटर, फिटर व इलेक्ट्रीशियन के इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई (2 वर्षीय एनसीवीटी) पास रखी गई है। इन पदों के लिए पुरुष एवं महिला उम्मीदवार की आयु 18 से 27 वर्ष होनी अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 12,750 रुपये मासिक स्टाईपेंड प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सस्ती दरों पर रहने, खाने की सुविधा के अतिरिक्त दिवाली पर बोनस तथा आकस्मिक एवं अर्जित अवकाश की सुविधा भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों, जैसे मूल प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा की प्रति, अनुभव प्रमाण पत्र सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।

=============================================

बस परमिट आवेदनकर्ता 20 फरवरी तक बस की सीट क्षमता की जानकारी दें
30 प्रतिशत तक परिवहन सब्सिडी हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 19 फरवरी
बिलासपुर 18 फरवरी: हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (स्टेज-3) के अंतर्गत स्टेज कैरिज बस परमिट के लिए आवेदन करने वाले सभी आवेदकों को आगामी 20 फरवरी तक अपनी प्रस्तावित बस की निश्चित सीट क्षमता की जानकारी संबंधित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में उपलब्ध करवाना अनिवार्य किया गया है।
इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कुमार कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को प्राप्त कई आवेदनों में आवेदकों द्वारा बस की सीट क्षमता का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है तथा केवल 18 से 42 सीट क्षमता का सामान्य विवरण दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा स्वीकृत मॉडलों के अनुसार बसों की सीट क्षमता 18, 29, 30, 32, 34, 37, 39 अथवा 42 सीटों में से किसी एक निश्चित श्रेणी में होना आवश्यक है। इसलिए सभी आवेदकों को अपनी बस की सटीक सीट क्षमता की सूचना आगामी 20 फरवरी तक संबंधित कार्यालय में देना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों द्वारा निर्धारित तिथि तक सीट क्षमता की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी, उनके आवेदन पर आगे की प्रक्रिया में कठिनाई आ सकती है। इसलिए सभी आवेदकों से तय समय सीमा के भीतर आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है।
राजेश कुमार कौशल ने यह भी बताया कि राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (स्टेज-तीन) के अंतर्गत अधिसूचित मार्गों पर स्टेज कैरिज बसों की खरीद के लिए 30 प्रतिशत तक परिवहन सब्सिडी हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 19 फरवरी तक बढ़ाई गई है। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ किया जा सकेगा।
उन्होंने आवेदकों से आग्रह किया है कि वे योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से संपर्क करें अथवा परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://himachal.nic.in/transport पर उपलब्ध विवरण का अवलोकन करें, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जा सकें।