चंबा, अक्तूबर 29-विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज भाटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ककीरा कस्बे में 28 लाख की धनराशि से निर्मित होने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के योगदान को नमन किया।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि ककीरा एवं बकलोह क्षेत्र का भारतीय सेना में विशेष योगदान रहा है। यहां के अनेक परिवारों की पीढ़ियां सेना में सेवाएं देकर देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए समर्पित रही हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में भाटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जारी विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
कुलदीप सिंह पठानिया ने विकसित भारत @ 2047 का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राज्यों का आर्थिक तौर पर सशक्त होना अनिवार्य है। उन्होंने प्रदेश तथा जिला के प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से केंद्र सरकार को मिलने वाले राजस्व से प्रदेश को अनुपातिक हिस्सा मिलने पर बल दिया । उन्होंने यह भी कहा कि
चंबा जिला की सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण द्रमण-चुवाड़ी-चंबा- तीसा-पांगी सड़क को राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के तहत लाने और इसके तहत प्रस्तावित सुरंगों के निर्माण के लिए केंद्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न करने के बजाय इनके क्रियान्वयन के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने ककीरा एवं आसपास के क्षेत्र में जारी विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि ककीरा स्वास्थ्य केंद्र को स्तरोन्नत किया जाएगा । साथ में उन्होंने यह भी कहा कि ककीरा कस्बे में मल निकासी योजना के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त हाइडेंट आधारित प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित बनाने के लिए 1 करोड़ 69 लाख की धनराशि को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत 2 लाख लीटर से अधिक पानी स्टोरेज की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने इस क्षेत्र में सड़क नेटवर्क के विस्तार को लेकर उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की भी जानकारी साझा की।
विधानसभा अध्यक्ष को इससे पहले हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन पूर्ण सिंह थापा ने सम्मानित किया। उन्होंने स्वागत संबोधन भी रखा।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक लीग से सूबेदार भीम बहादुर गुरंग, कैप्टन खजान सिंह, कैप्टन सागर गुरंग, कैप्टन नारायण सिंह गुरंग , कैप्टन किशन सिंह गुरंग सहित सदस्य निदेशक राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजय कंवर, अध्यक्ष जिला यूथ कांग्रेस कमेटी सुनाभ सिंह पठानिया, उपाध्यक्ष नगर पंचायत सुरेंद्र चाढक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी तरुण मल्होत्रा ,राजीव कौशल, उपमंडल अधिकारी नागरिक मनीष सोनी, पुलिस उपाधीक्षक शेर सिंह, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, वन मंडल अधिकारी डॉ.कुलदीप जमवाल, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, नरेंद्र चौधरी तथा विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के गण मान्य नागरिक उपस्थित थे।