ऊना, 16 सितंबर. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा बुधवार को ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन के दौरान की गई घोषणा के अनुपालन में जिला ऊना में 17 सितंबर (गुरुवार) को अवकाश घोषित किया गया है। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

जारी अधिसूचना के अनुसार जिला ऊना के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, कॉलेजों, बीएड कॉलेजों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और पॉलीटेक्निक कॉलेजों में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ के लिए भी 17 सितंबर को अवकाश रहेगा।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वॉकाथॉन के दौरान नशे के खिलाफ युवाओं की इस व्यापक भागीदारी और एकजुटता की सराहना करते हुए 17 सितंबर को शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा की थी। इसी घोषणा के अनुपालन में अब उच्च शिक्षा विभाग ने अधिसूचना जारी की है।