कोट-कंगड़ी-दसमल सड़क मार्ग आगामी 15 सितम्बर तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 03 सितम्बर: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग घुमारवीं उपमण्डल के अंतर्गत कोट-कंगड़ी-दसमल सड़क आवश्यक मुरम्मत कार्य के चलते आगामी 19 सितम्बर तक बंद करने के आदेश जारी किए है।
जारी आदेश में दसमल की ओर से आने वाले वाहनों को धग्याड-जाहू मार्ग तथा देहरा की ओर से आने वाले वाहनों को दधोल-लदरौर सड़क मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है।
उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि इस सड़क मार्ग की मरम्मत कार्य के दौरान केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी।
===================================================
फोरलेन निर्माण से प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता पर करें समाधान: उपायुक्त
ग्रामीणों के आवागमन के रास्ते बाधित न हों, जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
बिलासपुर, 03 सितंबर: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना से संबंधित विभिन्न मुद्दों तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने फोरलेन परियोजना से जुड़े अधिकारियों को प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि फोरलेन निर्माण कार्य के चलते आम लोगों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों के आने-जाने के रास्ते बाधित न हों। जहां निर्माण कार्य के कारण आवागमन प्रभावित होने की संभावना हो, वहां लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्तों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि फोरलेन निर्माण के कारण प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। बरसात के दौरान जलभराव अथवा पानी के लोगों के घरों और कृषि भूमि की ओर जाने की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने एम्स के समीप पार्किंग व्यवस्था तथा वर्षाशालिका के शीघ्र निर्माण को लेकर भी एनएचएआई एवं संबंधित कंपनी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तथा स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरा किया जाए।
बैठक में एसडीएम सदर राजकुमार, प्रोजेक्ट निदेशक हमीरपुर राकेश यादव, गाबर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कविराज सहित संबंधित कंपनी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।