बिलासपुर, 27 जुलाई: राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची ने आज बचत भवन, बिलासपुर में पंचायतीराज संस्थाओं एवं शहरी निकायों के हाल ही में संपन्न चुनावों के उपरांत जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनाव प्रक्रिया के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ भविष्य में निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के संबंध में अधिकारियों से प्राप्त फीडबैक को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने पंचायतीराज संस्थाओं एवं शहरी निकायों के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव अत्यंत संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण होते हैं, जिनमें कई स्थानों पर हार-जीत का अंतर बहुत कम होता है। ऐसी परिस्थितियों में भी जिला प्रशासन ने समन्वित एवं कुशल कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए चुनाव प्रक्रिया का सफल संचालन सुनिश्चित किया है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन में उनकी प्रतिबद्धता एवं टीम भावना सराहनीय रही है।
अनिल कुमार खाची ने कहा कि चुनावों के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के समाधान के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का नियमित प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से पूर्व ही प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता तथा अन्य सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध पूर्ण कर ली जानी चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मतदाता सूचियों के सुदृढ़ीकरण एवं शुद्धिकरण को निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला बताते हुए अधिकारियों से कहा कि वे इस कार्य को केवल अधीनस्थ कर्मचारियों पर न छोड़ें, बल्कि स्वयं इसकी नियमित निगरानी करें। उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन, त्रुटि सुधार एवं नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी बल दिया, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। उन्होंने अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक चरण का योजनाबद्ध एवं व्यवस्थित निष्पादन करने को भी कहा ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, शुचिता एवं समयबद्धता के साथ-साथ प्रत्येक स्तर पर सूक्ष्म योजना एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव प्रक्रिया के संबंध में जिला प्रशासन एवं विभिन्न अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया तथा भविष्य में निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए उनके सुझाव भी आमंत्रित किए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची का स्वागत किया तथा हाल में संपन्न हुए पंचायतीराज संस्थाओं एवं शहरी निकायों के चुनाव से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
एसडीएम एवं सहायक आयुक्त राज कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर, जिला के एसडीएम, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के कार्यकारी अधिकारियों सहित ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।