बिलासपुर, 25 जुलाई: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध निपटारा प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार न केवल लोगों की जन समस्याओं को गंभीरता से सुन रही है बल्कि त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश भी जारी किये जा रहे हैं ताकि आमजन को असुविधाओं का सामना न करना पड़े। राजेश धर्माणी आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुन रहे थे।
उन्होंने इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की जन समस्याओं को सुना तथा अधिकांश का मौके पर ही समाधान करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो सका है, उनके शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल शक्ति, लोक निर्माण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने तथा अवरूद्ध एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत बहाली सुनिश्चित बनाने को भी कहा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था लगातार बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने के भी निर्देश दिये।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढ़ील स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।