शिमला, 25.07.26-: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने गत दिन जिला लाहौल- स्पिति व पांगी की सीमा के नजदीक उदयपुर - किलाड़ सड़क मार्ग पर कड़ू नाले के समीप हुई भीषण तथा हृदयविदारक सड़क दुर्घटना पर अत्यन्त गहरा दु:ख प्रकट किया है। गौरतलब है कि इस भीषण सड़क हादसे में टाटा सूमो पर चट्टाने गिरने से 13 लोगों की आसमयिक मृत्यू हो गई थी। अपने शोक सन्देश में पठानियां ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यन्त विनाशकारी तथा बेहद दु:खद थी जिसका शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता ।

पठानियां ने आमजन से आग्रह किया कि बरसात के इस मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा तभी सफर करें यदि आवश्यक हो। उन्होने कहा कि बादल फटने तथा सड़कों पर ल्हासे गिरने की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपना बचाव स्वयं करें।

विधान सभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है। पठानियां ने इस हादसे मे मारे गए सभी परिवारों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की परमपिता परमात्मा से शांति प्रदान करने की कामना की है।