लापता व्यक्तियों, मानव तस्करी एवं पीड़ितों के पुनर्वास संबंधी सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करें: रूपिंदर कौर
एडीसी की अध्यक्षता में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित

बिलासपुर, 20 जुलाई: अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर रूपिंदर कौर की अध्यक्षता में आज बचत भवन में लापता व्यक्तियों, मानव तस्करी तथा पीड़ितों के पुनर्वास एवं बहाली से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापता व्यक्तियों का शीघ्र पता लगाने, मानव तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा पीड़ितों के पुनर्वास एवं बहाली के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार किसी भी स्रोत से लापता व्यक्ति की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल तथा 24 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जांच के लिए प्रथम 24 घंटे अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इस दौरान की गई त्वरित कार्रवाई से लापता व्यक्ति का पता लगाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के अंतर्गत इस संबंध में आवश्यक दंडात्मक प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को इन प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की सूचना नेशनल इंटीग्रेटेड पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड की जाए ताकि मामलों की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वित प्रयास इस दिशा में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने ग्राम पंचायतों, गांवों, विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया, ताकि आमजन को मानव तस्करी की रोकथाम, बच्चों की सुरक्षा तथा लापता व्यक्तियों की सूचना देने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने पीड़ितों के शीघ्र बचाव, पुनर्वास एवं बहाली के लिए अंतरराज्यीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया।
इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला स्तरीय आपराधिक क्षति राहत एवं पुनर्वास बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता भी की तथा संबंधित विभागों को पीड़ित राहत एवं पुनर्वास से जुड़े मामलों के प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान दो नए मामलों को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 27 मामले पहले स्वीकृत किये जा चुके हैं, जिन्हें नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध करवाई जा रही है।
बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, पुलिस, श्रम, शिक्षा, अभियोजन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला बाल संरक्षण कार्यालय सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

============================================

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याणार्थ राज्य कार्य योजना 2026-27 के प्रभावी क्रियान्वयन पर समीक्षा बैठक आयोजित
इस वर्ष 100 से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा करने का लक्ष्य निर्धारित

बिलासपुर, 20 जुलाई: अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राज्य कार्य योजना 2026-27 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज बचत भवन में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा एवं सामाजिक सहभागिता को सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राज्य कार्य योजना 2026-27 के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। इस कार्य योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं, नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, आजीविका एवं कौशल विकास गतिविधियां, अंतर-पीढ़ी समन्वय, वरिष्ठ नागरिक क्लबों का सुदृढ़ीकरण, मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाएं, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सहभागिता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम शामिल है।
उन्होंने अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा कार्यक्रम की विशेष रूप से समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि गत वर्ष जिला बिलासपुर में निर्धारित 45 निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया था। इस वर्ष विभाग द्वारा 100 से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर ने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी की शल्य चिकित्सा पर होने वाला लगभग 12 हजार 5 सौ रुपये का संपूर्ण व्यय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों को अस्पताल आने-जाने के लिए यात्रा/गतिशीलता व्यय भी विभाग द्वारा प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने सभी एसडीएम, पंचायती राज संस्थाओं, स्वास्थ्य विभाग, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर उन्हें समय पर योजना का लाभ उपलब्ध करवाया जा सके।
उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिक अथवा उनके परिजन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशावर्कर, संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) कार्यालय अथवा जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, बिलासपुर से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी शशि दत्त शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार, डीएसपी मनीष चौधरी, जिला कल्याण अधिकारी आर.सी. बंसल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

===============================

हमीरपुर में लघु रोजगार मेला 22 को


हमीरपुर 20 जुलाई। जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में 22 जुलाई को सुबह 10 बजे लघु रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें तीन कंपनियां कुल 115 पदों के लिए पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार लेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि एआर डिजिटल टैक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड हमीरपुर में डिजिटल मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 8 पदों के लिए कंप्यूटर, डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया का ज्ञान रखने वाले 12वीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। एचआर एग्जीक्यूटिव के 4 पदों के लिए एमबीए (एचआर) या एलएलबी डिग्रीधारक पात्र होंगे। ग्राफिक डिजाइनर एवं वीडियो एडिटर के 8 पदों हेतु बारहवीं पास एवं संबंधित क्षेत्र में डिग्री या डिप्लोमाधारक पात्र होंगे। वेब डिजाइनिंग के 8 पदों के लिए वेब डिजाइनिंग एवं डाटा एनालिसिस का ज्ञान रखने वाले बारहवीं पास या स्नातक उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। सेल्स एंड मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के 10 पदों हेतु स्नातक या एमबीए डिग्रीधारक पात्र होंगे। इन सभी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष रखी गई है। चयनित महिला एवं पुरुष उम्मीदवारों को 15 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि स्नो व्यू ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड में सर्विस एडवाइजर के 25 पदों के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक या डिप्लोमाधारक 18 से 45 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार पात्र हैं। जबकि, मोटर मैकेनिक के 25 पदों के लिए पुरुष अभ्यर्थी आईटीआई डिप्लोमाधारक होना चाहिए। सेल्स एग्जीक्यूटिव के 25 पदों के लिए महिला या पुरुष अभ्यर्थी स्नातक और ड्राइविंग लाइसेंसधारक होना चाहिए। इनकी आयु भी 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि बजाज लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड हमीरपुर में सेल्स मैनेजर के 2 पदों के लिए 25 से 30 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष स्नातक उम्मीदवार पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को बीस हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

=====================================================

26 तक बंद रहेगी कलाहू मोड़-गुदवीं-जड़ोह-भरेड़ी सड़क

भोरंज 20 जुलाई। उपमंडल भोरंज में कलाहू मोड़ से गुुदवीं, भुक्कड़, बैरी ब्राह्मणा, साई दा घाट, नमलाख, जड़ोह, भरेड़ी सड़क के मरम्मत के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 26 जुलाई तक बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि कलाहू मोड़ से गुुदवीं, भुक्कड़, बैरी ब्राह्मणा, साई दा घाट, नमलाख, जड़ोह, भरेड़ी सड़क के मरम्मत कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त सड़क पर वाहनों की आवाजाही 26 जुलाई तक बंद की गई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक भरेड़ी से जड़ोह, बुंगा चौक, अमरोह सड़क से आवाजाही कर सकते हैं।

====================================================
दसलेहड़ा और तलाई में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक
बिलासपुर, 20 जुलाई: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय, झंडूता द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत दसलेहड़ा एवं नगर परिषद तलाई में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जन चेतना कला मंच, झंडूता के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों का प्रभावशाली मंचन किया। कलाकारों ने संदेश दिया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, महिला एवं युवक मंडलों तथा लगभग 100 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी, झंडूता ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं, को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध जनभागीदारी ही इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक नागरिक को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए, ताकि स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियां तथा अन्य जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।
-================================================
बिलासपुर वन वृत्त में सेवानिवृत्त कानूनगो एवं पटवारियों की पुनः नियुक्ति के लिए आवेदन कल तक आमंत्रित
बिलासपुर, 20 जुलाई: वन भूमि एवं वन सीमाओं से संबंधित मामलों के प्रभावी निपटारे, अभिलेखों के अद्यतन तथा सीमांकन कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से बिलासपुर वन वृत्त में एक सेवानिवृत्त कानूनगो एवं दो पटवारियों के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए वन अरण्यपाल मृत्युंजय माधव ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र सेवानिवृत्त कानूनगो एवं पटवारी अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित कल यानी 21 जुलाई, 2026 को सायं 5 बजे तक वन संरक्षक, बिलासपुर वन वृत्त के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 01978-222372 पर संपर्क किया जा सकता है।

============================================

दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन


उत्कृष्ट कार्य करने वाले नियोक्ताओं, कर्मचारियों, संस्थानों और जिलों को मिलेगा सम्मान


ऊना, 20 जुलाई. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वर्ष 2026-27 के दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिए जाने वाले ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं।

जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने बताया कि पुरस्कार योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वाले नियोक्ताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारियों, संस्थानों तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभागों एवं जिलों को सम्मानित करना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पुरस्कारों के तहत सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त निकायों, निजी क्षेत्र तथा गैर-सरकारी संगठनों के उत्कृष्ट नियोक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी, कॉर्पोरेट एवं निजी क्षेत्र में कार्यरत उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारियों, दिव्यांगजनों के हित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभागों एवं संस्थानों तथा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिले को भी राज्य स्तर पर सम्मान प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयनित पुरस्कार विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये की नकद राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।

जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि पुरस्कार योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट www.esomsa.hp.gov.in पर उपलब्ध हैं। इच्छुक विभाग, संस्थान, संगठन एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपने नामांकन 31 जुलाई तक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशालय को भेज सकते हैं।

=============================================

आपदा की सूचना अब होगी और आसान, ‘आपदा रक्षक’ ऐप का करें उपयोग

ऊना, 20 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 के बाद प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती घटनाओं और उनकी तीव्रता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, त्वरित और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में सभी सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से ‘आपदा रक्षक मोबाइल ऐप को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सक्रिय रूप से उपयोग करने का आग्रह किया गया है।

ज़िला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण के सीईओ एवं अतिरिक्त उपायुक्त( एडीसी) ऊना इशांत जसवाल ने जानकारी दी कि इस मोबाइल ऐप के माध्यम से नागरिक किसी भी प्रमुख आपदा से संबंधित घटना की जानकारी सिटीजन लॉगिन सुविधा के जरिए सीधे राज्य आपदा प्रबंधन प्रणाली तक पहुँचा सकेंगे। इससे आपदा की स्थिति में समय पर सूचना उपलब्ध होगी, राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी, जन-धन की हानि को कम करने में सहायता मिलेगी तथा प्रदेश की आपदा से निपटने की क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।

श्री जसवाल ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी विभागों से अपने अधीन कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके परिवारों, सहकर्मियों और आम नागरिकों को भी इस ऐप से जोड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में आपदा संबंधी घटनाओं की रिपोर्टिंग इसी मोबाइल एप्लीकेशन के सिटीजन रिपोर्टिंग फीचर के माध्यम से करने पर विशेष बल दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आपदा रक्षक मोबाइल ऐप वेब पोर्टल https://hpsdma.hp.gov.in/AppLogin.aspx पर उपलब्ध है, जबकि शीघ्र ही इसे गूगल प्ले स्टोर पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, ऐप के संचालन एवं उपयोग को सरल बनाने के लिए विस्तृत यूज़र मैनुअल भी उपलब्ध कराया गया है।

एडीसी ने बताया कि आने वाले समय में इस ऐप में टूरिस्ट रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल सहित अन्य आपदा प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इन सेवाओं से पर्यटकों, नागरिकों, सरकारी एजेंसियों और आपदा राहत दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा आपदा पूर्व तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।

उन्होंने कहा कि आपदा रक्षक मोबाइल ऐप से संबंधित किसी भी तकनीकी सहायता अथवा जानकारी के लिए संबंधित अधिकारी डॉ. रोहित चौहान, एचपीएसडीएमए, शिमला से 94184-82869 पर संपर्क किया जा सकता है।

=============================================

ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 31 जुलाई से

ऊना, 20 जुलाई. ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 31 जुलाई से 2 अगस्त तक राव बैडमिंटन अकादमी में किया जाएगा। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अशोक ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में आयोजित एसोसिएशन की बैठक में आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए चैंपियनशिप के सफल आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 28 जुलाई तक हरदीप सिंह (लाल जी) की दुकान पर अपना प्रवेश शुल्क जमा करवा सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अशोक ठाकुर ने बताया कि बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
एसोसिएशन ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राव बैडमिंटन अकादमी उपलब्ध करवाने पर सुनील राव का आभार व्यक्त किया।
बैठक में डॉ. कोमल मलिक, टी.एल. वालिया, अनिल राजपूत, अशोक आंगरा, जगतार सिंह, हरिंदर सिंह, सुनील राव, पवन कपिला, संजीव शर्मा, एस.के. बंसल, सचिन राव, शुभम सांभर, अभिषेक कपिला, करण चौधरी, रजत कंग और मनोज कुमार उपस्थित रहे।

==========================================

चयन आयोग ने घोषित किए 4 श्रेणियों के पदों की परीक्षाओं के परिणाम

हमीरपुर 20 जुलाई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने ऑफसेट ऑपरेटर पोस्ट कोड-25007, फोटो टाइप सैटर ऑपरेटर पोस्ट कोड-25008, फ्लाई ब्वॉय (ऑफसेट) पोस्ट कोड-25010 और लैब असिस्टेंट (बायोलॉजी और सेरोलॉजी) पोस्ट कोड-25018 के पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्टों के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इन सभी परीक्षाओं के परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन चारों परीक्षाओं में उत्तीर्ण उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 3 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी फोटो प्रतियों के दो-दो सैट और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।

============================================

हमीरपुर में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक 12 को

हमीरपुर 20 जुलाई। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक 12 अगस्त को सुबह 11 बजे क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय हमीरपुर में होगी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजीव ठाकुर ने बताया कि वाहन मालिकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों की ओर से 20 जुलाई तक प्राप्त आवेदनों पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण इस बैठक में निर्णय लेगी। राजीव ठाकुर ने संबंधित वाहन मालिकों और अन्य आवेदकों से इस बैठक में सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित रहने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बस परमिट और अन्य परमिटों के ट्रांसफर से संबंधित मामलों में दोनों पार्टियों यानि क्रेता एवं विक्रेता का क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य होगा अन्यथा उक्त मामलों में कोई भी निर्णय नहीं लिया जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि नए प्रकाशित स्टेज कैरिज बस परमिट (टैम्पो ट्रैवलर) का आवंटन ड्रा निकालकर किया जाएगा। ड्रा के समय आवेदक का स्वयं या उसकी ओर से किसी अधिकृत या नामित व्यक्ति का उपस्थित रहना अनिवार्य है, अन्यथा उसका आवेदन ड्रा में शामिल नहीं किया जाएगा और यह आवेदन स्वतः ही रद्द समझा जाएगा।
=====================================================
टीबी मुक्त भारत अभियान के सहयोग कोष में योगदान के लिए आमजन से आगे आने की अपील
बिलासपुर, 20 जुलाई: मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर शशिदत्त शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति, बिलासपुर के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग कोष की स्थापना की गई है। इस कोष का उद्देश्य निक्षय मित्र के माध्यम से क्षय रोग (टीबी) से प्रभावित मरीजों को आवश्यक पोषण एवं अन्य सहयोग उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में इस सहयोग कोष के लिए यूको बैंक में समर्पित बैंक खाता संख्या 20570110086995, आईएफएससी यूसीबीए0002057 है, खोला गया है, जिसमें लोग स्वेच्छा से आर्थिक योगदान देकर टीबी मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनभागीदारी से ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से योगदान करने का आग्रह किया तथा टीबी के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए यह योगदान एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा।