चंबा, 13 नवंबर-भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर में 2 नवम्बर से 20 नवम्बर तक आयोजित की जा रही चुनावी जागरूकता संबंधी विभिन्न प्रतियोगिताओं की कड़ी में चुनावी साक्षरता क्लब/ इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब 3-चम्बा विधानसभा क्षेत्र की ओर से शुक्रवार को बचत भवन में विधानसभा क्षेत्र स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में चम्बा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 22 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम चम्बा चिराग शर्मा के कुशल नेतृत्व में किया गया।
निबंध प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों को 'शुद्ध मतदाता सूची का महत्व' तथा 'मतदान का महत्व' विषयों पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट तथा मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा युवा वर्ग को मतदान के महत्व से अवगत करवाना रहा।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में कुल 20 विद्यार्थियों, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 23 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं के परिणामों के आधार पर निबंध लेखन में पांच तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छह विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थी 18 नवम्बर को बचत भवन, चम्बा में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में 3-चम्बा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस दौरान राजकीय महाविद्यालय चम्बा के सहायक आचार्य प्रो. अविनाश, डॉ. शिल्पा एवं प्रो. सचिन ठाकुर, निर्वाचन कानूनगो मनीष, अशोक कुमार एवं सरोज काउपस्थित रहे।
यह रहे विजेता
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल छह विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इनमें पीएम श्री जीएमएमएसएस चम्बा से शिवम ठाकुर , पीएम श्री जीएमएमएसएस रांढोह से किरण कुमारी, पीएम श्री जीयूएसएसएस चम्बा से अभय ठाकुर , जीएसएसएस चीलबंगालो से कशिश, जीएसएसएस करियां से अनीता देवी तथा जीएसएसएस कोलका से विशाल शामिल हैं।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में कुल पांच विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इनमें जीएसएसएस साच से मोनिका, जीएसएसएस चीलबंगला से कनिका, जीएसएसएस करियां से कृषटी कपूर, जीएचएस जम्मूहार से अक्षिता तथा जीएसएसएस बाट से काजल कुमारी शामिल हैं।