प्रश्नोत्तरी में सिमरन और निबंध लेखन में वंशिका रही अव्वल
निर्वाचन विभाग ने भोरंज में किया प्रतियोगिताओं का आयोजन

भोरंज 13 नवंबर। निर्वाचन विभाग ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज के अंतर्गत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के मतदाता साक्षरता क्लबों (ईएलसी) के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित कीं।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में आयोजित इन दोनों प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रश्नोत्तरी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह की सिमरन ने पहला, मनोह स्कूल की नैंसी ने दूसरा, महल स्कूल की वंशिका अग्निहोत्री ने तीसरा, बाहनवीं के आदित्य भारद्वाज ने चौथा, बधाणी की अंशिका ने पांचवां, भोरंज की पलक ने छठा, अमरोह के कृष्ण शर्मा ने सातवां, चंबोह की कृतिका शर्मा ने आठवां, भरेड़ी की राधिका शर्मा ने नौंवां और बधाणी के आर्यन केशव ने दसवां स्थान हासिल किया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में महल स्कूल की वंशिका अग्निहोत्री प्रथम, बाहनवीं की तनवी द्वितीय, चंबोह की दिया शर्मा तृतीय, मनोह की महक चतुर्थ, अमरोह की शिवानी पंचम, लदरौर की शगुन छठे, भोरंज की मुस्कान सातवें, मुंडखर की शिवानी आठवें, भरेड़ी के कृपाल सिंह नौंवें और बगवाड़ा की पल्लवी चौहान दसवें स्थान पर रहीं।
एसडीएम एवं भोरंज विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी स्वाति डोगरा ने इन प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्हांेंने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं में पहले दस स्थानों पर रहे ये प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भोरंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का संचालन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज के प्रधानाचार्य जसवीर चंदेल के नेतृत्व में किया गया। सहायक नोडल अधिकारियों एवं मूल्यांकनकर्ताओं, सभी शिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारियों, अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों, निर्वाचन कानूनगो टिंकल ठाकुर और अन्य कर्मचारियों ने भी प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन एवं संचालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

==================================

बरबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड ने अधिसूचित किए 250 पद
17 नवम्बर को उप-रोजगार कार्यालय घुमारवीं तथा 19 नवम्बर को श्री नैना देवी जी में होगा साक्षात्कार

बिलासपुर, 13 नवम्बर: जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि मैसर्ज बरबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड द्वारा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में एफ एंड बी तथा किचन हेल्पर के 250 पद अधिसूचित किए है। इन पदों के लिए उप-रोजगार कार्यालय घुमारवीं में 17 नवम्बर तथा 19 नवम्बर को उप-रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में प्रातः 10ः30 बजे से साक्षात्कार आयोजित होगें।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए महिला या पुरुष उम्मीदवार की आयु 18 से 30 वर्ष, शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं अथवा इससे अधिक होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 11,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के अतिरिक्त ईपीएफ, ईएसआईसी, आवास एवं भोजन की सुविधा प्रदान की जाएगी। निर्धारित सीटीसी 16,000 रुपये होगी। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती दिल्ली, पंजाब, गुजरात, बेंगलुरु एवं हैदराबाद में की जाएगी।
उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की कि वह अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड (एक्स-10), आधार कार्ड, दसवीं का प्रमाण पत्र, संबंधित शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा तथा अनुभव प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) सहित निर्धारित तिथि एवं स्थान पर साक्षात्कार के लिए उपस्थित हों।
इस बारे अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।

=============================================

राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए ऑडिशन एवं चयन 21 को

हमीरपुर 13 नवंबर। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय युवा उत्सव-2027 की विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के लिए जिला हमीरपुर के दलों के चयन हेतु 21 नवंबर को सुबह 9 बजे सलासी स्थित जिला भाषा अधिकारी कार्यालय एवं संस्कृति सदन में ऑडिशन लिए जाएंगे।
जिला युवा अधिकारी सन्नी कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव-2027 की 5 प्रतियोगिताओं- समूह लोक नृत्य, समूह लोक गायन, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन तथा चित्रकारी के लिए जिला हमीरपुर के प्रतिभागियों का चयन किया जाना है। ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ विषय पर आधारित इन प्रतियोगिताओं के लिए 15 से 29 आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष पात्र हैं। लोक नृत्य और लोक गायन की अवधि 5 से 8 मिनट की रखी गई है। इनके दल में प्रतिभागियों की संख्या कम से कम 10 होनी चाहिए। दल के स्पोर्टिंग स्टाफ में 3 सदस्य हो सकते हैं, जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष हो सकती है। नुक्कड़ नाटक की अवधि अधिकतम 7 मिनट और प्रतिभागियों की संख्या 10 तक रखी गई है। ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ विषय पर कविता लेखन में 2 प्रतिभागी भाग ले सकते हैं तथा इसकी अवधि 90 मिनट रहेगी। इसी विषय पर चित्रकारी प्रतियोगिता की अवधि 6 घंटे होगी।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक युवा निर्धारित प्रपत्र पर अपने पासपोर्ट साइज फोटो, आयु प्रमाण पत्र और विभिन्न उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण पत्र संलग्न करके जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी के कार्यालय में या ईमेल डीवाईएसएसओ-एचएएम-एचपी एट द रेट एनआईसी.इन dysso-ham-hp@nic.in पर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972223851 पर संपर्क किया जा सकता है।

=========================================

ऊना में 17 नवंबर को 60 टेलीकॉलर पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू


ऊना, 13 नवंबर. जिला रोजगार कार्यालय ऊना में 17 नवंबर को सुबह 10:30 बजे कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से मैसर्ज नानक फाइनेंशियल सर्विसेज, इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट, एसएएस नगर, मोहाली (पंजाब) में टेलीकॉलर के 60 पद भरे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल मोहाली में होगा और उन्हें 14 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं या इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले 19 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। फ्रेशर और अनुभवी, दोनों तरह के उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी साक्षात्कार के दिन अपने शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो), बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी संबंधित दस्तावेजों की मूल प्रतियां लेकर जिला रोजगार कार्यालय ऊना में पहुंचें। साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

===========================================

भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्तियों के लिए जिलावार चयन प्रक्रिया 18 से

हमीरपुर 13 नवंबर। प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भूतपूर्व सैनिकों की आउटसोर्स आधार पर नियुक्ति के लिए हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम (हिमपैस्को) हमीरपुर 18 नवंबर से जिलावार चयन प्रक्रिया आरंभ करने जा रही है।
हिमपैस्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कर्नल (सेवानिवृत्त) मनीष कुमार ने बताया कि भूतपूर्व जेसीओ और अन्य रैंकों के भूतपूर्व सैनिकों की चयन प्रक्रिया के लिए अलग-अलग दिन निर्धारित किए गए हैं। 18 नवंबर को हमीरपुर और चंबा जिले के अन्य रैंकों के भूतपूर्व सैनिकों का चयन किया जाएगा। 19 और 20 नवंबर को कांगड़ा, 21 को मंडी और बिलासपुर, 23 को ऊना, शिमला और किन्नौर, 25 को सोलन, कुल्लू, सिरमौर और लाहौल-स्पीति जिलों के भूतपूर्व सैनिकों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
26 नवंबर को हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और सोलन के जेसीओ की स्क्रीनिंग होगी। 27 को कांगड़ा, चंबा और सिरमौर, 28 को मंडी, शिमला, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के जेसीओ की स्क्रीनिंग की जाएगी।
सभी इच्छुक एवं पात्र भूतपूर्व सैनिकों को अपनी मूल डिस्चार्ज बुक और इसकी स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी और उन्हें सुबह 10 बजे हिमपैस्को के मुख्यालय पहुंचना होगा। पिछले वर्ष की स्क्रीनिंग में चयनित और वेटिंग लिस्ट के भूतपूर्व सैनिकों को दोबारा स्क्रीनिंग में भाग लेने की आवश्कता नहीं है।
जेसीओ की कैटेगरी में नायब सूबेदार, सूबेदार, सूबेदार मेजर और मानद कमीशन के भूतपूर्व सैनिक पात्र होंगे। एक जनवरी 2027 को इनकी आयु 54 वर्ष से कम होनी चाहिए। अन्य रैंकों की कैटेगरी में हवलदार तथा ऑनरेरी नायब सूबेदार तक के भूतपूर्व सैनिक पात्र होंगे। एक जनवरी 2027 को इनकी आयु 55 वर्ष से कम होनी चाहिए। सशस्त्र सुरक्षा गार्ड की श्रेणी के लिए अभ्यर्थी के पास वैध शस्त्र लाइसेंस होना चाहिए। चालक के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन कर्मी के लिए फायरमैन डिप्लोमा या प्रमाण पत्र अनिवार्य है। जेसीओ की कैटेगरी की स्क्रीनिंग में उन्हीं जेसीओ को अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने हिमपैस्को में पंजीकरण करवाया हो। मनोचिकित्सीय कारणों से सेवामुक्त किए गए या इन्हीं कारणों से निम्न चिकित्सा श्रेणी में रखे गए भूतपूर्व सैनिक स्क्रीनिंग के लिए पात्र नहीं होंगे।
इस चयन प्रक्रिया के नियम, शर्तें और अन्य सभी जानकारी हिमपैस्को की वेबसाइट एचपीएक्ससर्विसमैन.ओआरजी पर उपलब्ध करवाई गई हैं।

==============================================

बैरी अनुभाग के अंतर्गत जिला के कुछ क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 13 नवम्बर: सहायक अधिशासी अभियंता विद्युत उप मण्डल-। ई. सन्नी जगोता ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुभाग बैरी में विद्युत लाईन के साथ लगते पेड़ों की टहनियों की कांट-छांट का कार्य करने के चलते बरमाणा, कैंचीमोड़, गुगा भटेड़, खतेड़, लगट, नालग चांगरू, बैरी रजादियां, बीटीडीएस मैदान, व आपसपास के क्षेत्रों में आगामी 16 नवम्बर को प्रातः 9 बजे से सांय 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि शटडाउन मौसम पर निर्भर रहेगा तथा लोगों से सहयोग की अपील की है।

===============================================

उपायुक्त कार्यालय परिसर में कैफेटेरिया के संचालन के लिए ईओआई आमंत्रित

हमीरपुर 13 नवंबर। उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर के परिसर में स्थित रेन शैल्टर को एक कैफेटेरिया के रूप में विकसित एवं संचालित करने के लिए इच्छुक एवं अनुभवी उद्यमियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किए गए हैं।
कैफेटेरिया को विकसित एवं संचालित करने से संबंधित नियमों एवं शर्तों की जानकारी प्राप्त करने के लिए उपायुक्त के सहायक आयुक्त कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त के सहायक आयुक्त एवं जिला बचत विकास एवं सेवा समिति के सचिव संजीत सिंह ने यह जानकारी दी।
======================================
सोलन दिनांक 13.11.2026

प्रेस दिवस पर ज़िला स्तरीय कार्यक्रम चिल्ड्रन पार्क स्थित प्रेस रूम में

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर 16 नवम्बर, 2026 को ज़िला स्तरीय कार्यक्रम सोलन के चिल्ड्रन पार्क स्थित प्रेस कक्ष में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां एक विभागीय प्रवक्ता ने दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय प्रेस परिषद ने इस वर्ष प्रेस दिवस पर ‘पत्रकारिताः सनसनी या ज़िम्मेदारी’ 'Journalism Populist or Responsible' विषय पर चर्चा करने का सुझाव दिया है। कार्यक्रम प्रातः 11.00 बजे आरम्भ होगा।
उन्होंने सभी पत्रकारों से आग्रह किया है कि उक्त कार्यक्रम में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।
==========================================