विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता के लिये 20 नवम्बर को होगी प्रतियोगिता

धर्मशाला, 10 नवम्बर: भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा द्वारा विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 20 नवम्बर को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची की आवश्यकता तथा निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके तहत निबन्ध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन पहले संस्थान स्तर, इसके बाद विधानसभा क्षेत्र स्तर तथा अंत में जिला स्तर पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संस्थान स्तर पर स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता से दो विजेता विद्यार्थियों का चयन विधानसभा क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिता में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि निबन्ध प्रतियोगिता के लिए 'मतदान का महत्व' तथा 'शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का महत्व' विषय निर्धारित किए गए हैं। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट तथा मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला के सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल अधिकारियों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सुदृढ़ करना है।
प्रतियोगिताओं के संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी एवं शिक्षण संस्थान अपने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) से संपर्क कर सकते हैं।