वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा के निधन पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने व्यक्त किया शोक
बिलासपुर, 10 नवंबर: उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अरुण डोगरा के निधन से बिलासपुर के पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनका निधन न केवल पत्रकारिता जगत के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए भी दुखद है।
उपायुक्त ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा ने वर्ष 1996 में बिलासपुर से अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता सफर के दौरान अजीत समाचार, दैनिक जागरण, हिमाचल दस्तक और दैनिक सवेरा जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में सेवाएं दीं। वर्तमान में वह अनंत ज्ञान समाचार पत्र से जुड़े हुए थे।