शाहपुर, 23अक्तूबर:शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पिछले पौने चार वर्षों के दौरान नगर पंचायत शाहपुर के सात वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 5 करोड़ की धनराशि खर्च की गई है। वह झुलाड़ में आयोजित एक कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि झुलाड़ वार्ड से शहीद हुए पवन जरयाल की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके सम्मान में यहां 25 लाख की लागत से शहीद पवन जरयाल पार्क का निर्माण करवाया जाएगा। यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को शहीद के बलिदान और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
श्री पठानिया ने बताया कि नगर पंचायत शाहपुर के लिए 1.40 करोड़ की लागत से बनाई जा रही वैकल्पिक पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र से बेसहारा पशुओं को गौसदन भेजने का कार्य सराहनीय है। इसमें सहयोग करने वाले नागरिक बधाई के पात्र हैं। ऐसे सामाजिक कार्य जनसहभागिता से ही सफल हो सकते हैं।
उन्होंने नगर पंचायत को कुर्सियां और ध्वनि प्रसारण यंत्र खरीदकर उपलब्ध रखने का सुझाव दिया, ताकि स्थानीय नागरिक अपने विभिन्न कार्यक्रमों के लिए इनका उपयोग कर सकें।
*65 लाख के विकास कार्यों की सौगात*
विधायक ने नगर पंचायत शाहपुर में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया,वार्ड नंबर एक में 7.50 लाख की लागत से हाई मास्ट लाइट, वार्ड नंबर तीन में 25 लाख की लागत से शहीद पवन जरयाल पार्क ,वार्ड नंबर पांच में बंदल खड्ड पर 20 लाख की लागत से पुल निर्माण तथा वार्ड नंबर पांच में 7.50 लाख रुपए की लागत से हाई मास्ट लाइट की स्थापना का शिलान्यास किया ।
उन्होंने वार्ड नंबर तीन और पांच में 2.50-2.50 लाख की लागत से स्थापित विद्युत चालित बोरवेल का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
*शहीद के परिजनों और कूहल कमेटी सदस्यों को किया सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान शहीद पवन जरयाल के पिता गरज सिंह और वीर नारी सुषमा को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विधायक ने सराहनीय कार्यों के लिए कूहल कमेटी के विभिन्न सदस्यों को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा नगर पंचायत की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बविता ने मुख्यातिथि का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि नगर पंचायत को उनका मार्गदर्शन और सहयोग भविष्य में भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत शाहपुर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर नगर पंचायत के समस्त पार्षद, नगर पंचायत सचिव,विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।